गुजरात: राजकोट की देवयानीबा झाला ने एशियन गेम्स 2026 में 400 मीटर रेस में क्वालीफाई कर रचा इतिहास
राजकोट, 28 जुलाई (आईएएनएस)। कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के बाद एशियन गेम्स 2026 का आयोजन जापान के आइची-नागोया शहर में 19 सितंबर से 4 अक्टूबर तक होना है। राजकोट की देवयानीबा झाला एशियन गेम्स 2026 में 400 मीटर रेस के लिए क्वालीफाई किया है। वह इस इवेंट में हिस्सा लेने वाली गुजरात की अकेली महिला एथलीट हैं। इस तरह उनकी उपलब्धि ऐतिहासिक है।
देवयानीबा झाला खेलों की दुनिया में एक जाना-पहचाना नाम हैं। गुजरात के राजकोट की इस बेटी ने भुवनेश्वर में हुई नेशनल एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 400 मीटर रेस में 53.26 सेकंड का टाइम निकालकर न केवल कांस्य पदक अपने नाम किया, बल्कि गुजरात की अकेली महिला एथलीट के तौर पर एशियन गेम्स 2026 में भी अपनी जगह पक्की कर ली है। सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी की छात्रा देवयानीबा झाला अपनी इस सफलता से बेहद खुश हैं और भविष्य में ओलंपिक गेम्स के लिए क्वालीफाई करना चाहती हैं।
देवयानीबा की इस कामयाबी के पीछे उनकी सालों की मेहनत, अभ्यास और अनुशासन है। उनके परिवार के भरोसे और समर्थन ने भी उनके हौसले को उड़ान दी है।
देवयानीबा के पिता महेंद्र सिंह झाला ने आईएएनएस से कहा, "देवयानीबा ने जब से ट्रैक पर दौड़ना शुरू किया है, सफलता उसके कदम चूम रही है। इससे पहले वह वर्ल्ड यूनिवर्सिटी गेम्स के लिए क्वालीफाई कर चुकी हैं। इसके अलावा, उन्होंने वर्ल्ड एथलेटिक्स कॉन्टिनेंटल टूर में महिलाओं की 400 मीटर दौड़ में भी रजत पदक हासिल कर गुजरात और सौराष्ट्र का नाम रोशन किया है।"
सौराष्ट्र यूनिवर्सिटी, राजकोट के खेल अधिकारी डॉ. हरीश राबा ने कहा, "देवयानीबा झाला राज्य के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बन गई हैं। हमारी निगाहें अब 2026 एशियन गेम्स में उनके प्रदर्शन पर हैं। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के मार्गदर्शन में अत्याधुनिक प्रशिक्षण, आधुनिक खेल संरचना और खेलों को बढ़ावा देने वाली नीतियों की वजह से राज्य के खिलाड़ी अब न सिर्फ नेशनल, बल्कि इंटरनेशनल लेवल पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं और देश-दुनिया में गुजरात का नाम बुलंद कर रहे हैं।"
--आईएएनएस
पीएके