×

गुजरात: सीएम भूपेंद्र पटेल ने भारी बारिश से प्रभावित बोपल इलाके में राहत कार्य तेज करने के दिए निर्देश

 

अहमदाबाद, 24 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारी बारिश से प्रभावित अहमदाबाद के बोपल इलाके का दौरा कर हालात का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के साथ-साथ प्रभावित लोगों की मदद के लिए जरूरी संसाधन तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने भारी बारिश के कारण जलभराव से प्रभावित बोपल क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री खुद पानी से प्रभावित इलाकों में पहुंचे और जमीनी स्थिति का जायजा लिया।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री ऋषिकेश पटेल, अहमदाबाद के मेयर हितेशभाई बारोट और कई वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ बैठक कर बारिश के पानी की निकासी, राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।

बैठक में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव संजीव कुमार, शहरी विकास विभाग के प्रधान सचिव एम. थेन्नारसन, मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. विक्रांत पांडे, अहमदाबाद नगर निगम के आयुक्त बंछानिधि पानी और पुलिस आयुक्त अनूप सिंह गहलोत समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों को और तेज किया जाए। उन्होंने कहा कि जलभराव वाले इलाकों में पानी निकालने, लोगों को जरूरी सहायता पहुंचाने और स्थिति सामान्य करने के लिए पर्याप्त संख्या में कर्मचारियों, उपकरणों और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की तुरंत उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।

भारी बारिश के बाद बोपल समेत अहमदाबाद के कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। प्रशासन की ओर से प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो और राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी