गुजरात के आणंद में भीषण सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत; पीएम मोदी ने जताया शोक
आणंद, 30 सितंबर (आईएएनएस)। गुजरात के आणंद जिले में अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक प्राइवेट बस और ट्रक की टक्कर में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5 अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी है।
इस हादसे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के 'एक्स' पोस्ट में पीएम मोदी के हवाले से लिखा गया, "गुजरात के आणंद में हुए हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना। मैं सभी घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।"
प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
घायल बस पैसेंजर गणेश जाधव ने आईएएनएस से कहा, "हम लोग खाना खा कर बस में सो गए थे। तभी ये हादसा हुआ।"
सिविल अस्पताल नडियाड के सीएमओ डीआरपटेल ने कहा, "ये सभी सूरत से नाथद्वारा जा रहे थे। तभी लग्जरी बस और ट्रक के बीच एक्सीडेंट हो गया। एक व्यक्ति की रास्ते में ही मौत हो गई थी।"
बता दें कि यह हादसा आणंद-नडियाद के बीच अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेस हाईवे पर बोरियावी के पास हुआ। जानकारी के मुताबिक, सूरत से राजस्थान जा रही एक निजी बस ओवरटेकिंग लेन में हादसे का शिकार हो गई।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि हादसा तब हुआ जब प्राइवेट बस एक्सप्रेसवे पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस के परखच्चे उड़ गए।
इस हादसे में 5 जिंदगियां खत्म हो गईं, जिससे मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक मूल रूप से राजस्थान के निवासी बताए जा रहे हैं।
हादसे में घायल हुए 5 लोगों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, चार शवों को आणंद जनरल अस्पताल और एक शव को नडियाद सिविल अस्पताल भेजा गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही आणंद ग्रामीण पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एएस