☰
×

गार्डियोला ने स्वीकार की इटली के हेड कोच पद को ठुकराने की बात, किसी राष्ट्रीय टीम को संभालना अगला लक्ष्य

 

नई दिल्ली, 25 नवंबर (आईएएनएस)। मैनचेस्टर सिटी के साथ 10 साल का सफल कार्यकाल पूरा करने के बाद मई 2026 में क्लब छोड़ने वाले पेप गार्डियोला ने कहा है कि भविष्य में किसी राष्ट्रीय टीम को कोचिंग देना उनके करियर का अगला कदम हो सकता है। अपने पुराने बार्सिलोना टीम-साथी रोमारियो के शो में बातचीत के दौरान गार्डियोला ने माना कि जब उन्हें इटली की राष्ट्रीय टीम को कोचिंग देने का प्रस्ताव मिला था, तब उन्होंने उसे ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा कि उस फैसले को लेकर उन्हें काफी शर्मिंदगी भी महसूस हुई।

गार्डियोला के अनुसार, फुटबॉल से कुछ समय का ब्रेक लेने का उनका फैसला पहले से तय था, इसलिए वह उस समय इटली का प्रस्ताव स्वीकार नहीं कर सके। हालांकि, उन्होंने संकेत दिए कि भविष्य में किसी राष्ट्रीय टीम के साथ काम करना उनके कोचिंग करियर का अगला अध्याय हो सकता है।

स्पेनिश कोच ने बताया कि इटली के लगातार तीसरे फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई न कर पाने के बाद पाओलो माल्डिनी और लियोनार्डो ने उनसे संपर्क किया था, जिसके बाद उन्होंने इटैलियन फुटबॉल फेडरेशन के साथ बातचीत की। हालांकि, उन्होंने इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया, क्योंकि वह कोचिंग से कुछ समय के लिए दूर रहना चाहते थे। गार्डियोला ने कहा, "मैं पहली बार इस बारे में बात कर रहा हूं, लेकिन हां, मैंने उनसे बात की थी। इटली को ना कहते हुए मुझे शर्मिंदगी महसूस हुई, इटली जैसे देश की राष्ट्रीय टीम को कोचिंग देना मेरे करियर के सबसे बड़े सम्मानों में से एक होता।"

उन्होंने आगे कहा, "हालांकि, मुझे लगा कि अब रुकने की जरूरत है। अगर उन्होंने दो साल पहले संपर्क किया होता, तो शायद मैं मान जाता। मगर जब पाओलो माल्डिनी और लियोनार्डो ने मुझसे संपर्क किया, तब तक मैं इस मुकाम पर आ चुका था कि मुझे बस रुकना ही था।" गार्डियोला ने कहा कि लगभग दो दशकों तक फुटबॉल टीम को संभालने की भागदौड़ के बाद एक ब्रेक लेना जरूरी हो गया था।

उन्होंने कहा, "मुझे अपने लिए कुछ समय चाहिए था। 18 साल तक कोच रहने के बाद, जहां हर तीन दिन में मैच होते थे, लगातार काम करते हुए एक ऐसा पल आता है जब आपको बस एक गहरी सांस लेकर रुकना पड़ता है।" मैनचेस्टर सिटी के पूर्व मैनेजर पेप गार्डियोला ने कहा है कि उन्होंने अभी तक यह तय नहीं किया है कि वह कोचिंग में कब वापसी करेंगे। हालांकि, उन्होंने साफ संकेत दिया कि यदि भविष्य में वह दोबारा कोचिंग करते हैं, तो किसी राष्ट्रीय टीम की कमान संभालना उनका अगला लक्ष्य होगा।

मैनचेस्टर सिटी के साथ अपने शानदार कार्यकाल में छह प्रीमियर लीग खिताब, तीन एफए कप और एक यूईएफए चैंपियंस लीग जीतने वाले गार्डियोला ने कहा कि फिलहाल वह अपने फैसले को लेकर जल्दबाजी में नहीं हैं। गार्डियोला ने कहा, "सच कहूं तो मुझे नहीं पता कि मैं कब लौटूंगा। अभी मैं ठीक हूं। अगर मैं कभी वापस आया, तो ऐसा इसलिए होगा क्योंकि मेरा दिल मुझसे ऐसा करने को कहेगा। तब हम फिर शुरुआत करेंगे। मगर अब कई साल और बहुत सारे मैच बीत चुके हैं।"

उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि अगर कोई ऐसी टीम है जिसे वह अब तक कोचिंग नहीं दे पाए लेकिन देना चाहते थे, तो वह एक राष्ट्रीय टीम है। गार्डियोला ने कहा, "एक राष्ट्रीय टीम, यही मेरा अगला कदम होगा।" इस बीच, गार्डियोला ने ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी का भी समर्थन किया। उन्होंने पांच बार के विश्व चैंपियन ब्राजील से धैर्य रखने की अपील करते हुए कहा कि एंसेलोटी को अपनी योजनाओं को लागू करने और एक मजबूत तथा प्रतिस्पर्धी टीम तैयार करने के लिए समय दिया जाना चाहिए।

गार्डियोला का मानना है कि एंसेलोटी जैसे अनुभवी कोच के नेतृत्व में ब्राजील भविष्य में फिर से दुनिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल हो सकता है, बशर्ते उन्हें अपनी टीम को विकसित करने का पर्याप्त अवसर मिले। इस साल के फीफा विश्व कप में ब्राजील के निराशाजनक प्रदर्शन के बाद एंसेलोटी को आलोचनाओं का सामना करना पड़ा है। टूर्नामेंट में उन्हें राउंड-ऑफ-16 में नॉर्वे से हार का सामना करना पड़ा, जो 1990 के बाद से उनका टूर्नामेंट से सबसे जल्दी बाहर होना था।

मई 2025 में ब्राजील की कमान संभालने के बाद से एंसेलोटी के नेतृत्व में टीम ने 13 जीत हासिल की हैं, चार मैच ड्रॉ खेले हैं और पांच में हार का सामना किया है। हालांकि, उन पर दबाव बढ़ गया है; ब्राजील के पूर्व स्ट्राइकर रोमारियो उन लोगों में शामिल हैं जिन्होंने उनके बने रहने पर सवाल उठाए हैं। वहीं, गार्डियोला का कहना है कि एंसेलोटी को अपने विचारों को लागू करने के लिए समय मिलना चाहिए। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि तुरंत नतीजों की उम्मीद नहीं करनी चाहिए। गार्डियोला ने कहा, "दबाव बहुत ज्यादा है। कभी-कभी, इस खेल में—जो कि बहुत कठिन है—समय लगता है। ऐसा नहीं है कि आप यहां आएं, चुटकी बजाएं और दो दिन में विश्व चैंपियन बन जाएं।"

स्पेनिश कोच ने एंसेलोटी की कोचिंग क्षमताओं पर भी भरोसा जताया। उन्होंने खिलाड़ियों को संभालने और रणनीतिक फैसले लेने में एंसेलोटी के अनुभव की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मैं कार्लो की काबिलियत पर शक करने की सोच भी नहीं सकता। वह टीम प्रबंधन में एक लीडर हैं। लोग कहते हैं कि वह नंबर वन हैं। मैंने उनका सामना किया है। वह बहुत सूझबूझ वाले हैं और रणनीतिक फैसले लेने में काफी चतुर हैं।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी