×

ग्रेटर नोएडा में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

 

ग्रेटर नोएडा, 26 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दादरी क्षेत्र में मोबाइल स्नैचिंग की वारदात के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें एक आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हो गया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल, चोरी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल की गई कार और अवैध हथियार बरामद किए हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

ग्रेटर नोएडा पुलिस के अनुसार, दादरी थाना पुलिस मोबाइल स्नैचिंग की घटना के बाद आरोपियों की तलाश में अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध बदमाशों का पुलिस से सामना हो गया। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी करन नागर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया।

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग अभियान चलाया, जिसके दौरान दूसरे आरोपी मुकुल को भी गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों आरोपियों के पास से अवैध हथियार बरामद किए गए। करन नागर के कब्जे से .315 बोर का तमंचा, जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस मिला, जबकि मुकुल के पास से एक अवैध चाकू बरामद हुआ।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मोबाइल स्नैचिंग में लूटा गया मोबाइल फोन, चोरी के आभूषण और घटना में इस्तेमाल की गई कार भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहे हैं।

पुलिस के मुताबिक, करन नागर और मुकुल के खिलाफ गौतमबुद्ध नगर, हापुड़ और बुलंदशहर जिलों के विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में चोरी, लूट और अन्य संगीन अपराध शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस अब दोनों आरोपियों के आपराधिक नेटवर्क और उनके अन्य साथियों की भी जानकारी जुटा रही है।

घायल आरोपी करन नागर को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल भेजा गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी