ग्रेटर नोएडा में नशाखोरी के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 377 लोगों पर हुई कार्रवाई
ग्रेटर नोएडा, 3 जून (आईएएनएस)। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर नशाखोरी और लोक व्यवस्था भंग करने वाली गतिविधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की गई है। पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में ग्रेटर नोएडा जोन में दो दिवसीय विशेष अभियान चलाया गया, जिसके दौरान सार्वजनिक स्थलों पर शराब और अन्य मादक पदार्थों का सेवन करने वाले कुल 377 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह अभियान 1 जून से 2 जून तक संचालित किया गया। अभियान का संचालन डीसीपी और एडीसीपी ग्रेटर नोएडा के पर्यवेक्षण में किया गया, जबकि एसीपी-1, एसीपी-2, एसीपी-3 और एसीपी-4 ग्रेटर नोएडा के नेतृत्व में विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने व्यापक जांच और निगरानी अभियान चलाया।
अभियान के दौरान पुलिस ने पार्कों, बाजारों, सड़कों, सार्वजनिक स्थलों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग की। इस दौरान ऐसे लोगों की पहचान की गई जो खुलेआम शराब या अन्य मादक पदार्थों का सेवन कर रहे थे और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहे थे। पुलिस ने सभी 377 व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हें भविष्य में इस प्रकार की गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी भी दी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर नशे का सेवन न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि इससे आम नागरिकों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं सुविधा भी प्रभावित होती है। इसी उद्देश्य से कमिश्नरेट पुलिस लगातार ऐसे तत्वों के खिलाफ अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई कर रही है।
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे सार्वजनिक स्थानों पर शराब अथवा अन्य नशीले पदार्थों का सेवन न करें और कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक शांति एवं व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार के विशेष अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी