☰
×

ग्रेटर नोएडा में दो महिलाओं से चेन लूट, बाइक सवार बदमाशों ने वारदात को दिया अंजाम

 

ग्रेटर नोएडा, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में बाइक सवार बदमाशों के हौसले बुलंद नजर आ रहे हैं। ग्रेटर नोएडा के बीटा-1 इलाके में अलग-अलग स्थानों पर बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट की दो घटनाओं को अंजाम दिया। दोनों वारदातों के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। एक घटना सेक्टर बीटा-1 के बाहर हुई, जहां बदमाशों ने महिला से पता पूछने के बहाने उसके गले से चेन लूटने का प्रयास किया। महिला ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया और चेन पकड़कर रख ली।

महिला के विरोध के चलते बदमाश चेन लेकर भागने में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। वहीं, दूसरी घटना बीटा-1 क्षेत्र की सर्विस रोड पर सामने आई। यहां भी बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया और उसके गले से चेन लूटकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि दोनों घटनाओं में बदमाश बाइक पर सवार होकर आए थे और वारदात को अंजाम देने के बाद तेजी से मौके से निकल गए। दूसरी घटना की तस्वीरें आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद होने की बात सामने आई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है। पहली घटना में बाइक सवार बदमाश सेक्टर बीटा-1 के बाहर पहुंचे। उन्होंने महिला से एड्रेस पूछने के बहाने बातचीत शुरू की। इसी दौरान बदमाशों ने महिला के गले में पहनी चेन पर झपट्टा मार दिया। अचानक हुई इस वारदात से महिला घबरा गई, लेकिन उसने हिम्मत नहीं हारी और चेन को मजबूती से पकड़ लिया। महिला के विरोध के चलते बदमाश चेन छीनने में सफल नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए।

दूसरी वारदात सर्विस रोड पर हुई, जहां बाइक सवार बदमाशों ने एक महिला को निशाना बनाया। बदमाश महिला के गले से चेन लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों में भी हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल की जानकारी जुटाई और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के मुताबिक, संदर्भित प्रकरण में थाना बीटा-2 पुलिस द्वारा पुलिस टीम का गठन किया गया है।

टीम द्वारा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। इसके साथ ही इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से भी बदमाशों के संबंध में साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा साक्ष्य संकलन की कार्रवाई करते हुए आगे की विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

लगातार हुई दो चेन लूट की घटनाओं के बाद पुलिस क्षेत्र में गश्त और निगरानी बढ़ाने की दिशा में भी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पुलिस बदमाशों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज में कैद संदिग्धों की गतिविधियों और उनके आने-जाने के रास्तों की भी जांच की जा रही है ताकि जल्द से जल्द वारदात का खुलासा किया जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/पीएम