ग्रेटर नोएडा में दर्दनाक हादसा, निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर युवती की मौत
ग्रेटर नोएडा, 6 अप्रैल (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के दनकौर क्षेत्र में एक दुखद हादसे ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।
थाना दनकौर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले दौला रजपुरा गांव में एक 20 वर्षीय युवती की निर्माणाधीन पानी की टंकी से गिरकर मौत हो गई। मृतका की पहचान रानी पुत्री सलीम के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है और पूरे गांव में शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रानी सोमवार सुबह खेतों में गेहूं की फसल काटने के लिए गई थी। खेत के पास ही एक निर्माणाधीन पानी की टंकी बनी हुई थी। बताया जा रहा है कि काम के दौरान रानी टंकी के पास पहुंची और वहां बनी सीढ़ियों के सहारे ऊपर चढ़ने लगी।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, वह टंकी पर घूमने या पानी लेने के उद्देश्य से चढ़ रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर गई। गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि प्रथम दृष्टया यह एक हादसा प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
इस घटना के बाद मृतका के परिवार में गहरा दुख छा गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से निर्माणाधीन स्थलों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीएससी