ग्रेटर नोएडा में छह साल की मासूम की हत्या, हल्दौनी गांव में शव मिलने से मचा हड़कंप, आरोपी हिरासत में
ग्रेटर नोएडा, 29 अगस्त (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के हल्दौनी गांव में छह साल की मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्ची 28 अगस्त को अपने घर से अचानक लापता हो गई थी। काफी तलाश करने के बाद जब बच्ची नहीं मिली तो परिजनों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके आधार पर थाना ईकोटेक-3 में मुकदमा दर्ज किया गया।
बच्ची की तलाश और मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांच टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी एवं स्थानीय स्रोतों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया। जांच के दौरान एक संदिग्ध आरोपी की पहचान हुई, जिसे पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने बच्ची का शव भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक, 28 अगस्त को हल्दौनी गांव निवासी करीब छह वर्षीय बच्ची के परिजनों ने उसके बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी थी। परिजनों की तहरीर के आधार पर ईकोटेक-3 थाने में अभियोग पंजीकृत किया गया। बच्ची को जल्द से जल्द तलाशने के लिए पुलिस की पांच टीमें लगाई गईं। टीमों ने गांव और आसपास के इलाकों में तलाश के साथ-साथ अलग-अलग स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पुलिस को कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे।
सीसीटीवी फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति बोरी ले जाते हुए दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस ने फुटेज और अन्य माध्यमों से संदिग्ध की पहचान करने का प्रयास किया। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया। उसके बाद पुलिस ने बच्ची का शव बरामद कर लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
डीसीपी सेंट्रल नोएडा शैलेंद्र सिंह ने बताया कि बच्ची की तलाश के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया था। गठित टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य स्रोतों के माध्यम से आरोपी की पहचान की और बच्ची के शव को बरामद किया। शव का पोस्टमार्टम चिकित्सकों के पैनल द्वारा वीडियोग्राफी के बीच कराया जा रहा है, ताकि मामले से जुड़े सभी महत्वपूर्ण तथ्यों को सुरक्षित रखा जा सके। घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों और फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने और घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस हिरासत में लेकर आरोपी से पूछताछ कर रही है। बच्ची की हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात किस तरह अंजाम दी गई, इन सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। पुलिस इस मामले में हत्या के साथ-साथ दुष्कर्म समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के बाद घटना को लेकर कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आने की उम्मीद है।
पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई साक्ष्यों और जांच के आधार पर सुनिश्चित की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच सभी संभावित कोणों से की जा रही है और पोस्टमार्टम, एफएसएल रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य साक्ष्यों को जांच का हिस्सा बनाया जा रहा है। इन सभी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी