ग्रेटर नोएडा में भीषण आग से मचा हड़कंप, निजी कंपनी में हुई घटना
ग्रेटर नोएडा, 12 मार्च (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। मंगलवार को ग्रेटर नोएडा के दादरी थाना क्षेत्र के अंतर्गत डीएमआईसी इलाके में स्थित फोर्म कंपनी में अचानक भीषण आग लगने से पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते उसने विकराल रूप धारण कर लिया और कंपनी परिसर से आसमान में धुएं का काला गुबार उठने लगा।
आसपास मौजूद लोगों में दहशत का माहौल बन गया और क्षेत्र में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियां मौके पर लगाई गईं। फायर कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास की अन्य इकाइयों तक आग फैलने का खतरा भी पैदा हो गया था। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने कंपनी के आसपास के क्षेत्र को तत्काल खाली करा दिया। कर्मचारियों और आसपास मौजूद लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, ताकि किसी प्रकार की जनहानि न हो। राहत की बात यह रही कि अब तक इस हादसे में किसी के घायल होने या जान गंवाने की सूचना सामने नहीं आई है। हालांकि, कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग अचानक कंपनी के अंदर से उठती दिखाई दी और कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर में फैल गई। भीषण गर्मी और तेज हवाओं के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। आग लगने के सही कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन अधिकारी जांच के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचने की बात कह रहे हैं।
फिलहाल, दमकल विभाग और प्रशासन की टीम स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। घटना के बाद आसपास की औद्योगिक इकाइयों में भी सतर्कता बढ़ा दी गई है।
--आईएएनएस
पीकेटी/डीकेपी