×

ग्रेटर नोएडा में शुरू हुआ बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया 2026, 1100 से अधिक कंपनियां ले रहीं हिस्सा

 

ग्रेटर नोएडा, 15 सितंबर (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर में मंगलवार से निर्माण और खनन क्षेत्र की प्रमुख प्रदर्शनी बाउमा कॉनएक्सपो इंडिया 2026 का आगाज हो गया। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय प्रदर्शनी में निर्माण उपकरण, खनन मशीनरी, इंफ्रास्ट्रक्चर तकनीक और आधुनिक मशीनों से जुड़े उद्योग जगत के दिग्गज एक मंच पर जुटे हैं।

प्रदर्शनी में सरकार, उद्योग जगत, विभिन्न देशों के राजनयिक मिशनों, इंफ्रास्ट्रक्चर कंपनियों, कॉन्ट्रैक्टर एसोसिएशनों और रिसर्च संस्थानों के वरिष्ठ प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

उद्घाटन समारोह में मेस्से मुएनचेन ग्रुप के सीईओ स्टीफन रुमेल, बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन के डायरेक्टर जनरल लेफ्टिनेंट जनरल हरपाल सिंह, भारत में इटली के राजदूत एंटोनियो बार्टोली और जर्मनी के दूतावास के डिप्टी हेड ऑफ मिशन जॉर्ज एंजवाइलर समेत कई प्रमुख हस्तियां मौजूद रहीं।

प्रदर्शनी का यह आठवां संस्करण पूरी तरह बुक हो चुका है। करीब 14.5 लाख वर्ग फुट के प्रदर्शनी क्षेत्र में 1,100 से अधिक प्रदर्शक अपने उत्पाद और तकनीक पेश कर रहे हैं। आयोजकों को उम्मीद है कि 18 सितंबर तक चलने वाले आयोजन में 100 से अधिक देशों से 75 हजार से ज्यादा विजिटर्स पहुंचेंगे।

मेस्से मुएनचेन के प्रेसिडेंट-आईएमईए और मेस्से मुएनचेन इंडिया के सीईओ भूपिंदर सिंह ने कहा कि प्रदर्शनी को मिल रही प्रतिक्रिया इस बात का संकेत है कि भारतीय बाजार निवेश के लिए तैयार है। कंपनियां अपने विकास और विस्तार की योजनाओं के साथ प्रदर्शनी में पहुंची हैं, वहीं खरीदार अपनी आगामी परियोजनाओं, समयसीमा और मशीनरी की जरूरतों के अनुरूप उपकरणों का आकलन कर रहे हैं।

प्रदर्शनी का उद्देश्य निर्माताओं और खरीदारों को एक मंच पर लाकर जानकारी से लेकर खरीद के निर्णय तक की प्रक्रिया को आसान बनाना है। प्रदर्शनी में खरीदार नई परियोजनाओं, फ्लीट विस्तार और पुराने उपकरणों को बदलने के लिए मशीनों का आकलन कर रहे हैं। चर्चा में मशीन की उत्पादकता, ईंधन खपत, रखरखाव, ऑपरेटर सुरक्षा, तकनीकी सहायता और स्पेयर पार्ट्स की उपलब्धता जैसे पहलू प्रमुख हैं।

वहीं, निर्माता भारतीय परिस्थितियों में मशीनों के प्रदर्शन और उनकी क्षमता को प्रदर्शित कर रहे हैं। बिहार सरकार इस वर्ष प्रदर्शनी में स्टेट पार्टनर के रूप में शामिल हुई है। राज्य सरकार निर्माण, इंफ्रास्ट्रक्चर और औद्योगिक क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों को देश-विदेश के उपकरण निर्माताओं और निवेशकों के सामने पेश कर रही है।

चार दिनों के दौरान 15 से अधिक राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से खरीदारों के प्रतिनिधिमंडल के पहुंचने की उम्मीद है। इससे अलग-अलग क्षेत्रों की परियोजनाओं के लिए मशीनरी की जरूरतों और बाजार की संभावनाओं को समझने में निर्माताओं को मदद मिलेगी।

प्रदर्शनी के दौरान एसडीएलजी इंडिया ने भी भारतीय इंफ्रास्ट्रक्चर, निर्माण और खनन क्षेत्रों के लिए डीजल और इलेक्ट्रिक कंस्ट्रक्शन इक्विपमेंट की नई रेंज पेश की। कंपनी ने कुल 10 नए उत्पाद लॉन्च किए हैं। इनमें एडवांस्ड डीजल एक्सकेवेटर्स, इलेक्ट्रिक एक्सकेवेटर्स, व्हील लोडर्स और मोटर ग्रेडर शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक इन मशीनों को भारतीय परिचालन परिस्थितियों और ऑपरेटरों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी