×

ग्रेटर नोएडा में हादसे रोकने के लिए एक्शन मोड में प्राधिकरण, 100 से अधिक संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा इंतजाम तेज

 

ग्रेटर नोएडा, 28 जुलाई (आईएएनएस)। ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क-दो स्थित कलाधाम सोसाइटी में गड्ढे में डूबने से एक मासूम बच्चे की दर्दनाक मौत के बाद ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है।

इस घटना को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि शहर में सड़कों, ड्रेनों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद किसी भी प्रकार के खुले गड्ढे, मेनहोल या दुर्घटना संभावित स्थानों को तत्काल सुरक्षित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि लापरवाही के कारण भविष्य में किसी भी क्षेत्र में हादसा होता है तो संबंधित वर्क सर्किल की टीम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

सीईओ के निर्देशों के बाद प्राधिकरण के परियोजना विभाग और जल-सीवर विभाग की टीमें अपने-अपने वर्क सर्किल क्षेत्रों में लगातार निरीक्षण कर रही हैं। वरिष्ठ प्रबंधकों के नेतृत्व में अधिकारी और कर्मचारी फील्ड में उतरकर ऐसे सभी स्थानों की पहचान कर रहे हैं, जहां दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इन स्थानों पर बैरिकेडिंग लगाने, खुले गड्ढों को भरने, मेनहोल को ढकने और खुले नालों को सुरक्षित करने का कार्य युद्धस्तर पर किया जा रहा है। प्राधिकरण के अनुसार अब तक शहर में 100 से अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान कर वहां आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा चुके हैं।

कई स्थानों पर अस्थायी और स्थायी बैरिकेड लगाए गए हैं, खुले ड्रेनों को ढका गया है तथा सड़क किनारे बने नालों को कवर करने का कार्य जारी है। वहीं सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत भी तेजी से कराई जा रही है ताकि वाहन चालकों और राहगीरों को किसी प्रकार की परेशानी या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) सुमित यादव ने बताया कि सभी वर्क सर्किलों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने क्षेत्रों का व्यापक सर्वेक्षण करें और प्रत्येक दुर्घटना संभावित स्थान को चिन्हित कर उसे पूरी तरह सुरक्षित बनाएं। उन्होंने कहा कि यह विशेष अभियान तब तक जारी रहेगा, जब तक शहर के सभी संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम सुनिश्चित नहीं हो जाते।

प्राधिकरण का कहना है कि शहर में सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है और भविष्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों का मानना है कि समय रहते सुरक्षा उपायों को लागू करने से दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकेगा और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसके साथ ही प्राधिकरण लोगों से भी अपील कर रहा है कि यदि उन्हें अपने आसपास कोई खुला गड्ढा, टूटी सड़क, खुला मेनहोल या अन्य कोई खतरनाक स्थान दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत प्राधिकरण को दें, ताकि तत्काल कार्रवाई कर संभावित हादसों को रोका जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी