ग्रेटर नोएडा: बंद मकानों को निशाना बनाने वाला शातिर चोर गिरफ्तार, साथियों से बरामद हुए 20 लाख के गहने
ग्रेटर नोएडा, 21 जुलाई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर पुलिस को घरों में चोरी की वारदातों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता मिली है। थाना बीटा-2 पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए बंद पड़े मकानों में चोरी करने वाले एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान विमल उर्फ बिट्टू भाटी पुत्र नवाब सिंह निवासी ग्राम मसौता, थाना सिकंदराबाद, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे एनपीसीएल कार्यालय के सामने से गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध चाकू भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त एक शातिर किस्म का चोर है, जो अपने साथियों के साथ गिरोह बनाकर पहले विभिन्न कॉलोनियों और मोहल्लों की रेकी करता था। इसके बाद वह ऐसे मकानों को निशाना बनाता था, जिनमें लंबे समय से कोई रह नहीं रहा होता था। आरोपी बंद पड़े घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।
पुलिस का कहना है कि पकड़े जाने के डर से अभियुक्त अपने पास अवैध हथियार भी रखता था। जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कुछ समय पहले थाना बीटा-2 और थाना दादरी क्षेत्र में कई बंद मकानों में चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया था। इन घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस लगातार गिरोह की तलाश में जुटी हुई थी।
इससे पहले 19 जुलाई 2026 को पुलिस ने इस गिरोह के अन्य सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण और अन्य चोरी का सामान बरामद किया था। अब गिरोह के एक और सक्रिय सदस्य की गिरफ्तारी से पुलिस को चोरी की कई अन्य वारदातों के खुलासे की उम्मीद है। थाना बीटा-2 पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इसके खिलाफ थाना दादरी में भी चोरी से संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच की जा रही है और उससे पूछताछ के आधार पर चोरी की अन्य घटनाओं में भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। साथ ही उसके फरार साथियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम