×

ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती-2022 का परिणाम जारी करने की मांग, लखनऊ में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन

 

लखनऊ, 21 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती-2022 का अंतिम परिणाम जारी करने की मांग को लेकर मंगलवार को राजधानी लखनऊ में अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन किया। प्रदेश के विभिन्न जिलों से पहुंचे अभ्यर्थियों ने उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के सरकारी आवास के बाहर मानव शृंखला बनाकर विरोध दर्ज कराया और भर्ती का अंतिम परिणाम जल्द घोषित करने की मांग उठाई।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों का कहना था कि भर्ती प्रक्रिया की सभी औपचारिकताएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद अब तक अंतिम परिणाम जारी नहीं किया गया है। इससे हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य अधर में लटका हुआ है और उनमें लगातार नाराजगी बढ़ रही है। प्रदर्शन में शामिल अभ्यर्थी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम पंचायत अधिकारी के 1,468 पदों पर भर्ती के लिए वर्ष 2022 में विज्ञापन जारी किया गया था और वर्ष 2023 में आवेदन प्रक्रिया पूरी कराई गई। इसके बाद 27 अप्रैल 2025 को लिखित परीक्षा आयोजित हुई तथा सफल अभ्यर्थियों के अभिलेखों का सत्यापन भी अप्रैल-मई 2025 में पूरा कर लिया गया।

उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद आयोग की ओर से अंतिम परिणाम घोषित नहीं किया जा रहा है। राघवेंद्र सिंह ने कहा कि हम पिछले कई महीनों से अंतिम परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। लिखित परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन जैसी सभी प्रक्रियाएं पूरी हो चुकी हैं, लेकिन परिणाम जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों के सामने असमंजस की स्थिति बनी हुई है। हम सिर्फ इतना चाहते हैं कि आयोग बिना किसी और देरी के परिणाम घोषित करे, ताकि चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिल सके।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों से अभ्यर्थी अपनी बात सरकार तक पहुंचाने के लिए लखनऊ आए हैं। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के माध्यम से उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग से जल्द अंतिम परिणाम घोषित कराने की मांग की गई है। उनका कहना है कि परिणाम में लगातार हो रही देरी से अभ्यर्थियों की उम्र निकल रही है और कई युवाओं के सामने रोजगार का गंभीर संकट खड़ा हो गया है।

अभ्यर्थियों का कहना था कि कई अभ्यर्थी पिछले तीन वर्षों से इसी भर्ती प्रक्रिया के पूरा होने का इंतजार कर रहे हैं। भर्ती में देरी के कारण वे न तो किसी अन्य भर्ती की तैयारी पूरी तरह कर पा रहे हैं और न ही अपने भविष्य की कोई स्पष्ट योजना बना पा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मांग की कि अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द अंतिम परिणाम घोषित कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कराई जाए। प्रदर्शन के दौरान उपमुख्यमंत्री आवास के बाहर पुलिस बल तैनात रहा। अभ्यर्थियों ने शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करते हुए अपनी मांगों का ज्ञापन प्रशासन के माध्यम से सरकार तक पहुंचाने की बात कही।

--आईएएनएस

विकेटी/पीएम