जीपीएससी भर्ती 2026: डिप्टी कमिश्नर सहित 213 पदों पर आवेदन प्रक्रिया जारी, 16 अप्रैल तक फॉर्म भरने का मौका
गांधीनगर, 8 अप्रैल (आईएएनएस)। गुजरात लोक सेवा आयोग (जीपीएससी) ने डिप्टी कमिश्नर सहित विभिन्न 213 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है, जिसके लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया 2 अप्रैल से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 16 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में सरकारी नौकरी की तैयारी में जुटे जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय लास्ट डेट तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
जीपीएससी ने जिन 213 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें गुजरात प्रशासनिक सेवा (जूनियर स्केल) के 6; अधीक्षक, निषेध एवं उत्पाद शुल्क; श्रेणी-1 का 1, डिप्टी पुलिस अधीक्षक (निहत्थे) के 8; डिप्टी कमिश्नर (कुटीर उद्योग) के 5; सरकारी श्रम अधिकारी के 13; सहायक जिला रजिस्ट्रार (सहकारी समितियां) के 7; अधीक्षक, निषेध एवं उत्पाद शुल्क के 11; समाज कल्याण अधिकारी (विकास) के 11; सहायक निदेशक (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति) के 6; सहायक सूचना अधिकारी (प्रशासन) के 4; नगर प्रमुख अधिकारी के 6; सहायक आयुक्त (आदिवासी विकास) के 2; सहायक आयुक्त (कुटीर उद्योग सेवा) के 20; तालुका विकास अधिकारी के 30; जिला भूमि अभिलेख निरीक्षक के 20; आदिवासी विकास अधिकारी के 7; मामलतदार के 25; सेक्शन अधिकारी (सचिवालय) के 25; और सेक्शन अधिकारी (गुजरात लोक सेवा आयोग) का 1 पद शामिल हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से कम से कम ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता और कौशल और का होना भी अनिवार्य है।
अभ्यर्थियों की न्यूनतम आयु 20 साल और अधिकतम आयु 35 साल निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 16 अप्रैल के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन प्रीलिमिनरी परीक्षा, मेंस परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और फाइनल मेरिट सूची के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी पद अनुसार 44,900 से 1,77,500 रुपए के बीच प्रति माह होगी। वहीं, प्रारंभिक परीक्षा 7 जून और मेंस परीक्षा 5 से 10 अक्टूबर के बीच आयोजित होने की संभावना है।
एप्लीकेशन फॉर्म भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो सामान्य श्रेणी के लिए 100 रुपए है। वहीं, एससी/एसटी/एसईबीसी/ईडब्ल्यूएस और पीडब्ल्यूडी व गुजरात के पूर्व सैनिक को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले जीपीएससी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद संबंधित के लिए दिए गए सक्रिय एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए संबंधित सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद रजिस्ट्रेशन फीस का भुगतान कर फॉर्म को सबमिट कर दें। लास्ट में जमा किए गए आवेदन पत्र प्रिंट आउट भविष्य के लिए सुरक्षित निकाल कर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी