☰
×

गोरखपुर में भाजपा को ‘डबल जीरो’ कर देगी जनता, प्रमुखवादियों को धूल चटाएगा पीडीए: अखिलेश यादव

 

लखनऊ, 18 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गढ़ गोरखपुर से चुनावी बिगुल फूंकते हुए भाजपा को चुनौती दी है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर की जनता इस बार भाजपा को नौ बटे शून्य यानी ‘डबल जीरो’ कर देगी। पीडीए की एकजुटता प्रमुखवादियों को धूल चटाएगी। उन्होंने दावा किया कि गोरखपुर में उमड़ा जनसमर्थन प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकेत है।

अखिलेश यादव बुधवार को पीडीए रथयात्रा के जरिए गोरखपुर एयरपोर्ट से नंदानगर और सुरूंग तिराहा होते हुए चौरीचौरा विधानसभा क्षेत्र के देवकही गांव पहुंचे, जहां उन्होंने महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण किया और स्वर्गीय विनय कुमार सिंह बिन्नू को श्रद्धांजलि अर्पित की। एयरपोर्ट से देवकही तक करीब 20 किलोमीटर की रथयात्रा के दौरान जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका स्वागत किया। सपा की ओर से जारी बयान के मुताबिक, रथयात्रा में बड़ी संख्या में नौजवान, किसान, महिलाएं और व्यापारी शामिल हुए।

देवकही में जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर और चौरीचौरा की सड़कों पर उमड़ा जनसमर्थन विधानसभा चुनाव से पहले बदलाव की शुरुआत है। अगर आज चुनाव हो जाए तो काशी की तरह गोरखपुर में भी भाजपा डबल जीरो हो जाएगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव केवल सीटें जीतने का मुकाबला नहीं, बल्कि प्रदेश और जनता के भविष्य, लोकतंत्र तथा वोट के अधिकार को बचाने की लड़ाई है।

सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जो लोग वन नेशन, वन इलेक्शन की बात करते हैं, वे एक मतदाता सूची भी ठीक से तैयार नहीं कर पा रहे हैं। उन्होंने चौरीचौरा की ऐतिहासिक धरती से स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को याद करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी पीडीए समाज के शहीद नायकों को भी सम्मान दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

अखिलेश ने गोरखपुर की स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि एम्स और मेडिकल कॉलेज होने के बावजूद आम लोगों को बेहतर इलाज नहीं मिल रहा है। मेडिकल कॉलेज में ऑक्सीजन की कमी से बच्चों की मौत का मामला उठाते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने अपनी गलती स्वीकार नहीं की और प्रभावित परिवारों की मदद भी नहीं की। उन्होंने वादा किया कि समाजवादी सरकार बनने पर मेडिकल कॉलेजों में सुविधाएं बढ़ाई जाएंगी और गरीबों को बिना किसी कार्ड के मुफ्त इलाज मिलेगा।

उन्होंने महंगाई, किसानों की बदहाली और युवाओं के रोजगार का मुद्दा भी उठाया। अखिलेश ने आरोप लगाया कि गन्ना किसानों को उचित मूल्य नहीं मिल रहा है और पेट्रोल में ई-20 इथेनॉल मिलाने से आम जनता प्रभावित हो रही है। उन्होंने छात्रों को दिए जा रहे टैबलेट की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज के दौर में युवाओं को आधुनिक तकनीक और लैपटॉप की जरूरत है। सपा सरकार बनने पर नई चीनी मिलें लगाने का वादा करते हुए उन्होंने कहा कि इनमें इथेनॉल समेत अन्य उत्पाद भी तैयार किए जाएंगे।

अखिलेश ने कहा कि पीडीए की सरकार बनाकर सामाजिक न्याय स्थापित किया जाएगा। किसानों, नौजवानों और वंचित वर्गों को सम्मान तथा अवसर दिए जाएंगे। उन्होंने गोरखपुर में मेट्रो चलाने के पुराने वादे का जिक्र करते हुए तंज कसा कि मुख्यमंत्री ने मेट्रो का सपना दिखाया था, लेकिन हर बरसात में शहर में मेट्रो नहीं, नाव चलती है।

--आईएएनएस

विकेटी/डीकेपी