☰
×

गोधरा अग्निकांड हादसा या साजिश? पूर्व CBI डायरेक्टर के इस बयान ने फिर छेड़ी नई बहस, जानें क्या कहा

 

2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड को लेकर पूर्व CBI स्पेशल डायरेक्टर राकेश अस्थाना ने बड़ा बयान दिया है। उनका दावा है कि साबरमती एक्सप्रेस के कोच S-6 में लगी आग कोई दुर्घटना नहीं थी, बल्कि इसके पीछे पहले से साजिश रची गई थी। अस्थाना के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित विशेष जांच टीम (SIT) और नानावती आयोग ने भी अपनी जांच में आग को जानबूझकर लगाया जाना बताया था। उन्होंने यह आरोप भी लगाया कि तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव जस्टिस यूसी बनर्जी कमेटी के जरिए उन्हें इस मामले में फंसाना चाहते थे।

गौरतलब है कि 27 फरवरी 2002 को गुजरात के गोधरा रेलवे स्टेशन के पास साबरमती एक्सप्रेस के कोच S-6 में आग लग गई थी। इस घटना में 59 लोगों की मौत हुई थी। मृतकों में अयोध्या से लौट रहे कारसेवक भी शामिल थे। इस घटना के बाद गुजरात में बड़े पैमाने पर सांप्रदायिक हिंसा भड़क गई थी। गोधरा कांड की जांच करने वाली SIT का नेतृत्व राकेश अस्थाना ने किया था।

सोनिया गांधी की किताब में गोधरा अग्निकांड का जिक्र

दरअसल, कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने अपनी किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' में गोधरा ट्रेन अग्निकांड और उसके बाद हुए दंगों का जिक्र किया है। किताब के पेज 401 से 403 तक इस घटना से जुड़े प्रसंग दिए गए हैं। पेज 403 पर ट्रेन में आग लगने के कारणों को अब भी विवादित बताया गया है। इसी संदर्भ में राकेश अस्थाना ने अपनी बात रखते हुए जांच रिपोर्टों का हवाला दिया है।

नानावती आयोग और SIT की जांच को लेकर अस्थाना का दावा

अस्थाना के अनुसार, गुजरात पुलिस की जांच के बाद सुप्रीम कोर्ट ने वर्ष 2008 में पूर्व CBI डायरेक्टर आरके राघवन के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम गठित की थी। इस टीम को पुलिस की जांच, घटनास्थल और जांच अधिकारियों की भूमिका की दोबारा पड़ताल करने की जिम्मेदारी दी गई थी।

अस्थाना का कहना है कि SIT को गुजरात पुलिस की जांच में कोई बड़ी खामी नहीं मिली थी और सुप्रीम कोर्ट ने उसकी रिपोर्ट को स्वीकार किया था। इस मामले में वर्ष 2011 में अदालत ने आरोपियों को सजा सुनाई थी।

उन्होंने बताया कि गुजरात सरकार ने मार्च 2002 में गोधरा कांड की जांच के लिए एक आयोग बनाया था। बाद में जस्टिस नानावती को इस आयोग का अध्यक्ष नियुक्त किया गया। अस्थाना के मुताबिक, आयोग ने भी अपनी रिपोर्ट में ट्रेन के कोच में आग लगाए जाने को साजिश बताया था।

लालू यादव ने बनर्जी कमेटी बनाकर मुझे फंसाने की कोशिश की: अस्थाना

राकेश अस्थाना ने तत्कालीन रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव पर भी गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि वर्ष 2004 में लालू यादव ने जस्टिस यूसी बनर्जी की अध्यक्षता में एक कमेटी गठित की थी। इस कमेटी ने अपनी रिपोर्ट में गोधरा ट्रेन अग्निकांड को दुर्घटना बताया था। रिपोर्ट में कहा गया था कि कोच में रखे स्टोव के कारण आग लगी थी।

अस्थाना के मुताबिक, बनर्जी कमेटी की रिपोर्ट को गुजरात हाईकोर्ट में चुनौती दी गई थी। हाईकोर्ट ने कमेटी के गठन को गैरकानूनी मानते हुए उसकी रिपोर्ट को रद्द कर दिया था। अदालत का तर्क था कि जब इस मामले की जांच के लिए पहले से एक आयोग गठित था, तो रेल मंत्रालय को अलग से कमेटी बनाने का अधिकार नहीं था।

अस्थाना ने आरोप लगाया कि लालू प्रसाद यादव इस कमेटी के माध्यम से उन्हें गोधरा मामले में फंसाना चाहते थे। उन्होंने एक पुराने हॉस्टल साथी का भी जिक्र किया, जो उस समय दिल्ली के मीडिया में वरिष्ठ पद पर काम कर रहे थे। अस्थाना के मुताबिक, उस साथी ने फोन कर उन्हें आगाह किया था कि कमेटी के जरिए उन्हें निशाना बनाया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने इस कथित कोशिश के पीछे लालू यादव के राजनीतिक या व्यक्तिगत मकसद पर कोई टिप्पणी नहीं की।

गोधरा कांड के बाद गुजरात में भड़की थी हिंसा

गोधरा ट्रेन अग्निकांड के बाद गुजरात के कई इलाकों में सांप्रदायिक हिंसा फैल गई थी। उपलब्ध सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, इन दंगों में 1,044 लोगों की जान गई थी। इनमें 790 मुस्लिम और 254 हिंदू शामिल थे।हिंसा के दौरान 28 फरवरी 2002 को अहमदाबाद की गुलबर्ग हाउसिंग सोसाइटी में भीड़ ने हमला किया था, जिसमें 69 लोगों की हत्या कर दी गई थी। हालात इतने बिगड़ गए थे कि हिंसा पर काबू पाने के लिए तीसरे दिन सेना को तैनात करना पड़ा था।गोधरा अग्निकांड और उसके बाद हुए दंगे भारतीय इतिहास की सबसे गंभीर घटनाओं में गिने जाते हैं। इस मामले में अलग-अलग जांचों, आयोगों और राजनीतिक बयानों को लेकर समय-समय पर बहस होती रही है।