गिरिडीह में 50 लाख रुपए मूल्य की नकली ब्रांडेड विदेश शराब जब्त, फैक्ट्री सील
गिरिडीह, 12 जुलाई (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह जिले में उत्पाद विभाग और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में नकली विदेशी शराब बनाने वाले बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। बेंगाबाद थाना क्षेत्र के घाघरा गांव में संचालित एक अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर करीब 50 लाख रुपये मूल्य की तैयार नकली शराब और उसके निर्माण में इस्तेमाल होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
अधिकारियों का कहना है कि फैक्ट्री में नामी ब्रांडों के नाम पर नकली शराब तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी। उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बेंगाबाद क्षेत्र में अवैध रूप से विदेशी शराब का निर्माण किया जा रहा है। इसके आधार पर उत्पाद विभाग और बेंगाबाद थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान फैक्ट्री से 350 पेटी तैयार नकली विदेशी शराब बरामद की गई, जिन पर रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंज और आइकोनिक जैसे लोकप्रिय ब्रांडों के लेबल लगे हुए थे।
छापेमारी में 4,000 लीटर क्षमता की पानी की टंकी, 55 रोल नकली रैपर, 25 हजार ढक्कन, 20 रोल होलोग्राम, 1,000 कार्टन, 60 खाली बोतलें, एक एसीई मशीन तथा 20 फीट पाइप समेत शराब निर्माण में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी जब्त किए गए। अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री से स्पष्ट है कि यहां बड़े पैमाने पर संगठित तरीके से नकली शराब तैयार की जा रही थी।
उत्पाद विभाग के अफसरों ने रविवार को बताया कि इस अवैध कारोबार से सरकार को बड़े पैमाने पर राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था। साथ ही ब्रांडेड शराब के नाम पर नकली और संभावित रूप से खतरनाक शराब बाजार में बेचकर लोगों के स्वास्थ्य के साथ भी गंभीर खिलवाड़ किया जा रहा था। इस मामले में झारखंड उत्पाद अधिनियम की धारा 47(ए), 52(डी) और 55 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पूरे नेटवर्क की जांच की जा रही है तथा इससे जुड़े अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। कार्रवाई का नेतृत्व उत्पाद अधीक्षक शिव कुमार साहू ने किया। अभियान में उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक जानानाथ पाल, रवि रंजन, सहायक अवर निरीक्षक लक्ष्मण महतो, सत्यराज बल सहित अन्य अधिकारी तथा बेंगाबाद थाना प्रभारी अमन कुमार के नेतृत्व में पुलिस बल शामिल था।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम