घुसपैठ राष्ट्रीय सुरक्षा का मुद्दा, कांग्रेस की ढुलमुल नीति जिम्मेदार: रोहन गुप्ता
मुंबई, 26 अगस्त (आईएएनएस)। भाजपा नेता रोहन गुप्ता ने महिला आरक्षण को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव की टिप्पणी, राजस्थान के आगामी नगर निकाय चुनाव और घुसपैठियों के मुद्दे पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान को लेकर विपक्ष पर जुबानी हमला बोला। भाजपा सरकार की नीतियों का बचाव करते हुए उन्होंने कांग्रेस-सपा पर तुष्टीकरण और राजनीतिक स्वार्थ की राजनीति करने का आरोप लगाया।
अखिलेश यादव द्वारा महिला आरक्षण और महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने के सवाल पर रोहन गुप्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी के शासनकाल और उसके कथित माफिया राज को भूली नहीं है। अतीक अहमद समेत अपराध और माफिया से जुड़े नाम आज भी लोगों के जेहन में हैं।
भाजपा नेता ने कहा कि भाजपा केवल महिलाओं के लिए नारे नहीं लगाती, बल्कि उनके अधिकारों की रक्षा के लिए काम करती है। उन्होंने सवाल किया कि जब एनडीए सरकार ने तीन तलाक के खिलाफ कानून बनाकर मुस्लिम महिलाओं के अधिकारों की रक्षा की, तब सपा ने उसका विरोध क्यों किया।
रोहन गुप्ता ने आरोप लगाया कि विपक्ष महिला सशक्तिकरण के मुद्दे को राजनीतिक चश्मे से देखता है। प्रदेश की जनता विपक्ष के पुराने कार्यकाल और उसकी नीतियों को ध्यान में रखते हुए उसके बयानों पर भरोसा नहीं करेगी।
राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के नगर निकाय चुनाव की तैयारियां पूरी होने के दावे पर भाजपा नेता ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की तैयारी जीत के लिए नहीं, बल्कि हार के लिए होती है। राजस्थान में भाजपा के पक्ष में माहौल है और डबल इंजन सरकार के काम से जनता संतुष्ट है। लोग अब स्थानीय स्तर पर भी भाजपा की सरकार चाहते हैं, जिससे विकास और प्रशासनिक कामों को गति मिले।
कांग्रेस पर अंदरूनी गुटबाजी का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में मुख्यमंत्री पद के दावेदारों की संख्या बढ़ती जा रही है और अलग-अलग नेताओं के अलग-अलग खेमे हैं। जब किसी पार्टी में जनता के मुद्दों से ज्यादा सत्ता की हिस्सेदारी महत्वपूर्ण हो जाए, तो जनता उस पर भरोसा नहीं करती। राजस्थान की जनता विकास, सुशासन और भ्रष्टाचार से मुक्ति चाहती है और भाजपा इन मुद्दों पर काम कर रही है। आगामी नगर निकाय चुनावों में भाजपा को मजबूत समर्थन मिलेगा और राज्य में 'ट्रिपल इंजन' सरकार की दिशा में जनता आगे बढ़ेगी।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के घुसपैठियों को लेकर दिए बयान का समर्थन करते हुए गुप्ता ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल में सीमा पर घुसपैठ से जुड़ी स्थिति और बॉर्डर फेंसिंग की प्रक्रिया को कांग्रेस को देखना चाहिए। लंबे समय तक कांग्रेस की सरकारों की ढुलमुल नीतियों के कारण घुसपैठ को बढ़ावा मिला। पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी दलों की कथित तुष्टीकरण की राजनीति ने भी इस समस्या को बढ़ाया।
रोहन गुप्ता ने कहा कि भाजपा के लिए घुसपैठ केवल चुनावी मुद्दा नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और देशहित का विषय है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा शासित राज्यों में घुसपैठ के खिलाफ गंभीरता से कार्रवाई की जा रही है। असम, पश्चिम बंगाल समेत जहां भी घुसपैठ की समस्या है, वहां सरकार इसे गंभीरता से ले रही है और 'घुसपैठिया मुक्त भारत' का लक्ष्य जल्द पूरा करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
--आईएएनएस
पीएसके