गाजियाबाद : प्रताप नगर में गैस सिलेंडर से लगी आग, 80 वर्षीय महिला झुलसीं, फायर ब्रिगेड ने समय रहते पाया काबू
गाजियाबाद, 8 जुलाई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के प्रताप नगर क्षेत्र में बुधवार (8 जुलाई 2026) को एक रिहायशी मकान में गैस सिलेंडर से आग लगने की घटना सामने आई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पा लिया।
इस हादसे में 80 वर्षीय महिला आंशिक रूप से झुलस गईं, जिन्हें स्थानीय पुलिस की सहायता से तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से एक बड़ा हादसा टल गया। फायर विभाग के अनुसार, बुधवार सुबह 11:33 बजे फायर स्टेशन कोतवाली को सूचना मिली कि प्रताप नगर, पुलिस लाइन के निकट स्थित एक मकान में आग लग गई है।
सूचना मिलते ही अग्निशमन अधिकारी कोतवाली के नेतृत्व में एक फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। इसके साथ ही कलेक्ट्रेट में तैनात फायर टेंडर और एफक्यूआरवी (फर्स्ट क्विक रिस्पांस व्हीकल) को भी मौके पर भेजा गया ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके। दमकल की टीम जब घटनास्थल पर पहुंची तो जांच में पता चला कि मकान के ग्राउंड फ्लोर पर बने एक कमरे में गैस सिलेंडर से आग लगी हुई थी।
आग तेजी से फैलने की आशंका को देखते हुए फायर सर्विस की टीम ने बिना समय गंवाए एक हौज पाइप और होजरील की सहायता से फायर फाइटिंग शुरू कर दी। दमकल कर्मियों ने पूरी सतर्कता और कड़ी मशक्कत के साथ आग पर नियंत्रण पाने का प्रयास किया और कुछ ही समय में आग को पूरी तरह बुझा दिया। इस दौरान मकान में मौजूद विमला देवी (लगभग 80 वर्ष) आग की चपेट में आने से आंशिक रूप से झुलस गईं।
मौके पर मौजूद स्थानीय पुलिस ने उन्हें तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
फायर विभाग के अधिकारियों ने बताया कि दमकल कर्मियों की त्वरित कार्रवाई के चलते आग को अन्य कमरों में फैलने से रोक लिया गया, जिससे मकान में बड़ा नुकसान होने से बच गया। यदि आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जाता तो आसपास के हिस्सों तक भी आग फैल सकती थी और बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
फायर विभाग ने लोगों से अपील की है कि रसोई गैस सिलेंडर और अन्य ज्वलनशील उपकरणों का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें तथा किसी भी आपात स्थिति में तुरंत फायर सर्विस को सूचना दें, ताकि समय पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया जा सके।
--आईएएनएस
पीकेटी/एसके