गाजियाबाद में दो अलग-अलग पुलिस एनकाउंटर, दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती
गाजियाबाद, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में दो अलग-अलग घटनाक्रमों में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में आरोपियों के पैरों में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पहला मामला गाजियाबाद के कविनगर थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने पुलिस मुठभेड़ के दौरान वाहन चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 11 सितंबर 2026 को कविनगर थाना क्षेत्र के गोविंदपुरम निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि दो बदमाशों ने उसकी पत्नी से मंगलसूत्र छीन लिया और करीब पांच ग्राम का सोना लेकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर आरोपी की पहचान की। पुलिस के मुताबिक 23 सितंबर को चेकिंग के दौरान टीम ने आरोपी इमरान उर्फ मक्खी पुत्र स्माईन मंसूरी, निवासी लोहेया नगर, थाना आदर्श नगर, दिल्ली, उम्र करीब 20 वर्ष, को आईडीएल कॉलेज रोड चौराहा शताब्दीपुरम के पास गिरफ्तार करने का प्रयास किया।
पुलिस का दावा है कि आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी। घायल इमरान को उपचार के लिए संयुक्त जिला अस्पताल संजय नगर, गाजियाबाद भेजा गया। पुलिस के अनुसार मामले में अन्य आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दूसरा मामला इंदिरापुरम थाना क्षेत्र का है। यहां पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक वांछित स्नैचर को गिरफ्तार किया। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल, तमंचा, कारतूस और पीली धातु का टुकड़ा बरामद हुआ है। पुलिस ने बताया कि सेक्टर-1 वसुंधरा टी-पॉइंट पर इंदिरापुरम पुलिस संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान हिंडन की तरफ से आ रहे एक संदिग्ध ने पुलिस को देखते ही मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की।
पुलिस ने पीछा किया तो आरोपी ने खुद को घिरा देखकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान 24 वर्षीय आमिर अली उर्फ अमन के रूप में हुई, जो दिल्ली के मयूर विहार फेस-1 क्षेत्र के चिल्ला गांव का रहने वाला है। आरोपी इंदिरापुरम थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था।
पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी सुहैल के साथ मिलकर दिल्ली-एनसीआर और गाजियाबाद में चैन स्नैचिंग, मोबाइल स्नैचिंग और बाइक चोरी की वारदातों को कबूल किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ दिल्ली-एनसीआर में लूट, स्नैचिंग, चोरी, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट समेत करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस आरोपी के साथी सुहैल और उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
--आईएएनएस
डीसीएच/