गाजियाबाद: बाइक को रास्ता और हॉर्न बजाने के विवाद में युवक की गोली मारकर हत्या
गाजियाबाद, 13 जुलाई (आईएएनएस)। गाजियाबाद के लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र में रविवार देर रात मामूली विवाद ने खूनी रूप ले लिया। रतिराम कॉलोनी में बाइक को रास्ता देने और हॉर्न बजाने को लेकर शुरू हुई कहासुनी कुछ ही देर में गोलियों की आवाज में बदल गई। इस घटना में 25 वर्षीय विपिन की गोली लगने से मौत हो गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है जबकि मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है और कई लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब 11:30 बजे रतिराम कॉलोनी में विपिन और सोनू नामक युवक के बीच बाइक को रास्ता देने और हॉर्न बजाने को लेकर विवाद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई लेकिन देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि आरोप है कि सोनू ने तमंचा निकालकर विपिन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने के बाद विपिन गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
आसपास के लोगों और परिजनों ने उसे तत्काल उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जा रहा है कि विपिन को दो गोलियां लगी थीं, जिसके कारण उसकी हालत बेहद गंभीर हो गई थी। मृतक विपिन शाहदरा स्थित एक ब्रश बनाने वाली कंपनी में नौकरी करता था। वह अपने परिवार का सबसे छोटा सदस्य था। उसकी मां का पहले ही निधन हो चुका है, जबकि परिवार में बड़ा भाई और एक शादीशुदा बहन हैं।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों की भीड़ अस्पताल और घर के बाहर जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही लोनी बॉर्डर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है और वारदात के संबंध में कई लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी सोनू की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। कुछ संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पूरा विवाद महज बाइक के हॉर्न और रास्ता देने जैसी मामूली बात से शुरू हुआ था, जिसने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया।
पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम