खड़गे की टिप्पणी पर संजय निरुपम का हमला, बोले-पीएम और देश से मांगें माफी
मुंबई, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता संजय निरुपम ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके पिता को लेकर की गई टिप्पणी पर सोमवार को कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि मोहब्बत की दुकान चलाने वाले कांग्रेस के लोग पीएम मोदी से नफरत करते हैं और नफरत की डिग्री इतनी बढ़ गई है कि 85 वर्षीय खड़गे सड़कछाप गुंडों जैसी भाषा बोलने लगे हैं।
संजय निरुपम ने कहा, "दिग्विजय सिंह ने अपनी सनातन यात्रा शुरू करते समय सनातन धर्म का समर्थन किया और सनातन धर्म के प्रति आदर प्रकट किया। उनकी पूरी कांग्रेस पार्टी में ऐसे तमाम लोग हैं जो सनातन परंपरा का विरोध करते हैं, जिन्हें सनातन परंपरा का ज्ञान नहीं है, बोध नहीं है, फिर भी वे सनातन परंपरा पर टिप्पणी करते हैं।"
उन्होंने कहा कि मैं अपील करूंगा कि दिग्विजय सिंह कांग्रेस के और उनके आसपास जो वामपंथी विचारधारा के लोग बैठे रहते हैं, उन्हें बताएं कि सनातन क्या है, सनातन का सच क्या है। एक बार जब सनातन का सच इन सबको पता चल जाएगा, तब उन्हें समझ में आएगा कि देश की ताकत ही सनातन है। आज 5000 वर्षों से तमाम विरोधों के बावजूद तमाम हमलावरों को झेलते हुए यदि यह देश बचा है, सुरक्षित है और मजबूत है, तो वह सनातन परंपरा की वजह से है।
संजय निरूपम ने कहा कि मोहब्बत की दुकान चलाने वाले कांग्रेस के लोग दरअसल मल्लिकार्जुन खड़गे से लेकर नीचे के एक-एक कार्यकर्ता तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से नफरत करते हैं। इससे इनकार नहीं किया जा सकता, लेकिन नफरत का भाव और नफरत की डिग्री इतनी बढ़ जाएगी, इतनी तीव्र हो जाएगी कि 141 साल पुरानी कांग्रेस के 85 वर्षीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे उस नफरत का प्रदर्शन करते-करते सड़कछाप गुंडों जैसी भाषा का इस्तेमाल करने लगेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के खिलाफ और उनके पिता के खिलाफ जिस प्रकार की भाषा का इस्तेमाल किया है, उसकी निंदा की जानी चाहिए, उसका निषेध किया जाना चाहिए। शिवसेना की तरफ से हम स्पष्ट शब्दों में मल्लिकार्जुन खड़गे से मांग करते हैं कि वे पूरे देश से माफी मांगें।
शिवसेना प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत के संवैधानिक प्रमुख हैं, संवैधानिक पद पर बैठे हैं। देश के करोड़ों लोगों ने उन्हें तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में चुना। प्रधानमंत्री का अपमान देश के करोड़ों लोगों का अपमान है। प्रधानमंत्री जब चुनकर आते हैं, तो वे एक-दो लोगों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। उनका प्रतिनिधित्व पूरे 140 करोड़ भारतीयों का होता है।
उन्होंने कहा कि इसलिए 140 करोड़ भारतीयों के प्रतिनिधि, उनके प्रधानमंत्री का अपमान करने का अधिकार कांग्रेस पार्टी को कतई नहीं है। मल्लिकार्जुन खड़गे को साफ-साफ शब्दों में देश से और पीएम मोदी से माफी मांगनी चाहिए।
--आईएएनएस
केके/वीसी