जीसीएल: गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने टेबल टॉपर गैम्बिट्स को हराकर दूसरा स्थान हासिल किया
बेंगलुरु, 6 सितंबर (आईएएनएस)। ग्लोबल चेस लीग (जीसीएल) में रविवार को बेंगलुरु में गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने अमेरिकन गैम्बिट्स की जीत की लय को रोका, जबकि मौजूदा चैंपियन अल्पाइन एपीएल पाइपर्स ने लगातार दूसरी जीत दर्ज की।
दूसरे दिन दो मैच खेलने वाली गंगा ग्रैंडमास्टर्स ने दिन के पहले मुकाबले में अल्पाइन एपीएल पाइपर्स से मिली हार की निराशा को पीछे छोड़ते हुए गैम्बिट्स को 9-7 से हराया और स्टैंडिंग में दूसरे स्थान पर पहुंच गई।
इससे पहले, पाइपर्स ने गंगा ग्रैंडमास्टर्स को 11-6 से हराया था, जबकि पीबीजी अलास्कन नाइट्स ने मुंबा मास्टर्स को 11-6 से हराकर टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत हासिल की थी।
जीसीएल सीजन 4 का दूसरा दिन फैंस के लिए शानदार रहा, क्योंकि उन्होंने कुछ बेहतरीन जीत और रोमांचक मुकाबले देखे। हालांकि, निहाल की जीत गैम्बिट्स को बढ़त दिलाने के लिए काफी नहीं थी, क्योंकि 'प्लेयर ऑफ द मैच' पोलिना शुवालोवा ने बिबिसारा असौबायेवा को शिकस्त देकर तीन राउंड में अपना तीसरा गेम जीता।
इसके बाद इयान नेपोम्नियाची ने रूक-पॉन एंडगेम में 2026 कैंडिडेट्स विजेता जावोखिर सिंदारोव के खिलाफ बाजी पलटते हुए अपनी टीम को आगे कर दिया। गैम्बिट के डेनिल डुबोव, लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज के खिलाफ अपनी बढ़त को जीत में नहीं बदल सके, भले ही उन्होंने गेम को 101 चालों तक खींचा।
इससे पहले, विदित गुजराती और कोनेरू हम्पी ने काले मोहरों के साथ लगातार दूसरी जीत दर्ज की और पाइपर्स को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया, जबकि महिला विश्व कप विजेता दिव्या देशमुख को एक और हार का सामना करना पड़ा।
विदित ने लीनियर डोमिंग्वेज पेरेज की एक छोटी सी गलती का फायदा उठाकर 38 चालों में जीत हासिल की और हम्पी ने एक बार फिर अपनी क्लास दिखाते हुए 41 चालों में स्टावरौला त्सोलाकिडू को व्यवस्थित तरीके से हराया, लेकिन शुवालोवा के खिलाफ दिव्या की हार के बाद, गंगा ग्रैंडमास्टर्स के पास हार के अंतर को कम करने का मौका था, क्योंकि इयान नेपोम्नियाची आइकन बोर्ड पर मैग्नस कार्लसन के खिलाफ एंडगेम में 5 मिनट से अधिक समय के साथ स्पष्ट बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन नॉर्वेजियन खिलाड़ी ने एक बार फिर दिखाया कि उन्हें 'एंडगेम का किंग' क्यों कहा जाता है; उन्होंने क्वींस का आदान-प्रदान करने के बाद वापसी की और मैच ड्रॉ कराया।
बाद में, पीबीजी अलास्कन नाइट्स स्टैंडिंग में चौथे स्थान पर पहुंच गए, क्योंकि अर्जुन एरिगैसी, 'प्लेयर ऑफ द मैच' नीनो बटसियाश्विली और अभिमन्यु मिश्रा ने सफेद मोहरों के साथ अपने मैच जीते और चेक मुंबा मास्टर्स पर आसान जीत दर्ज की। 15 वर्षीय यागिज कान एर्दोगमुस, शखरियार मामेदयारोव को हराने की अच्छी स्थिति में दिख रहे थे, लेकिन समय के दबाव में सही चालें नहीं चल पाए और आखिरकार 82 चालों के बाद हार मान ली।
--आईएएनएस
आरएसजी