गाजीपुर में विनित राय हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ, 16 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में एक होटल मालिक के बेटे विनित राय की हाईप्रोफाइल हत्या के मामले में पुलिस ने जिन चार नामजद आरोपियों पर 1 लाख रुपए का इनाम घोषित किया था, इनमें से एक कमलेश बिंद पहले ही पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है।
हत्या में शामिल मुख्य आरोपी शंकर पांडे अभी भी फरार है और इस घटना के सिलसिले में कई अज्ञात और नामजद लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया था। इसी केस में कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए, हत्याकांड में शामिल दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
इसे अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) राकेश मिश्रा ने बताया कि एक लाख का इनामिया कमलेश बिंद पुलिस एनकाउंटर में मारा जा चुका है। इस मामले में गाजीपुर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए हत्याकांड में शामिल दो अन्य आरोपी शिवम दुबे और रहमान अली उर्फ गोल्डन को गाजीपुर के चौकिया मोड़ के ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।
उन्होंने बताया कि दोनों गिरफ्तार आरोपी अपने सहयोगियों के साथ घटनास्थल पर मौजूद होने के साथ हत्याकांड में शामिल थे। इन दोनों के विरुद्ध जांच के दौरान सबूत मिले हैं, जिसके आधार पर दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, अन्य दोषियों की तलाश अभी जारी है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम