×

गौतमबुद्धनगर में 31 मई को होगी बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा, 17 केंद्रों पर तैयारियां पूरी

 

गौतमबुद्धनगर, 29 मई (आईएएनएस)। गौतमबुद्धनगर में 31 मई को आयोजित होने वाली संयुक्त प्रवेश परीक्षा बीएड-2026 को शांतिपूर्ण, नकलविहीन एवं सुचितापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। परीक्षा दो पालियों में जिले के 17 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी।

इसी क्रम में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी न्यायिक प्रियंका की अध्यक्षता में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों तथा पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक को संबोधित करते हुए एडीएम न्यायिक प्रियंका ने कहा कि परीक्षा को निष्पक्ष और नकलविहीन ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी निर्धारित मानकों के अनुरूप अपनी तैयारियां समय से पूर्ण कर लें और आपसी समन्वय बनाए रखते हुए जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर यह सुनिश्चित करें कि सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों तथा सीसीटीवी कैमरे सुचारू रूप से कार्य कर रहे हों। यदि कहीं कोई कमी पाई जाती है तो उसका तत्काल समाधान कराया जाए।

एडीएम न्यायिक ने केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संबंधी गाइडलाइन का गहन अध्ययन करने के निर्देश भी दिए, ताकि परीक्षा संचालन के दौरान किसी प्रकार की त्रुटि न हो। साथ ही पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश के दौरान अभ्यर्थियों की सघन जांच की जाए और किसी भी इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को भीतर ले जाने की अनुमति न दी जाए।

बैठक में बुंदेलखंड विश्वविद्यालय से आए प्रोफेसरों ने अधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़ी गाइडलाइन एवं मानकों की विस्तृत जानकारी प्रदान की। इस अवसर पर प्रभारी जिला विद्यालय निरीक्षक दीपा भाटी, जिला विकास अधिकारी शिव प्रताप परमेश, समस्त सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी