☰
×

गौतमबुद्धनगर में 203 ग्राम प्रहरी सम्मानित, धोती-साफा और अन्य सामग्री देकर किया गया सम्मान

 

नोएडा, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली पुलिस लाइन्स मैदान में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के 68 हजार ग्राम प्रहरियों के सम्मान समारोह में प्रतिभाग किया। इस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट स्थित पुलिस लाइन्स में किया गया। यहां आयोजित कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम और जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के 203 ग्राम प्रहरियों ने कार्यक्रम में भाग लिया और मुख्यमंत्री के संबोधन को देखा तथा सुना। कार्यक्रम के दौरान पुलिस और ग्रामीण समाज के बीच समन्वय स्थापित करने में ग्राम प्रहरियों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया। ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों में पुलिस और आम नागरिकों के बीच एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करते हैं। गांवों में संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी पुलिस तक पहुंचाने, अपराधों की रोकथाम करने, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सामाजिक समन्वय स्थापित करने में उनकी भूमिका अहम होती है।

स्थानीय स्तर पर सक्रिय रहने के कारण ग्राम प्रहरी ग्रामीण क्षेत्रों की परिस्थितियों से परिचित होते हैं और किसी भी संभावित समस्या या संदिग्ध गतिविधि की सूचना समय रहते पुलिस को उपलब्ध कराने में मदद करते हैं। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि पुलिस और ग्रामीण नागरिकों के बीच बेहतर तालमेल से अपराध नियंत्रण तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रभावी सहयोग मिलता है। ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ग्राम प्रहरियों की सक्रियता और सतर्कता को आवश्यक बताया गया।

पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने ग्राम प्रहरियों द्वारा पुलिस सहयोग, अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिए जा रहे योगदान की प्रशंसा की। उन्होंने उनके दायित्वों को और अधिक प्रभावी ढंग से निभाने पर जोर दिया। साथ ही संदिग्ध गतिविधियों की समय पर जानकारी उपलब्ध कराने और स्थानीय पुलिस के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने के महत्व को बताया।

कार्यक्रम के बाद पुलिस कमिश्नर ने उपस्थित ग्राम प्रहरियों को संबोधित करते हुए कहा कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और सतर्कता के साथ करें। उन्होंने असामाजिक तत्वों पर नजर रखने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल स्थानीय पुलिस को देने के निर्देश दिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए ग्राम प्रहरियों से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पुलिस कमिश्नर ने ग्राम प्रहरियों को महिला एवं बाल सुरक्षा से जुड़े मामलों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसके साथ ही साइबर अपराधों के प्रति ग्रामीण नागरिकों को सतर्क करने और शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में सहयोग करने को कहा। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ पुलिस और आमजन के बीच विश्वास तथा बेहतर समन्वय को मजबूत करना है। कार्यक्रम में ग्राम प्रहरियों ने भी भविष्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की रोकथाम करने और पुलिस को आवश्यक सूचनाएं उपलब्ध कराने में पूर्ण सहयोग देने का संकल्प व्यक्त किया।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने पुलिस सहयोग और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट योगदान देने वाले गौतमबुद्धनगर के सभी 203 उपस्थित ग्राम प्रहरियों को धोती, साफा और अन्य सामग्री वितरित कर सम्मानित किया। इस पहल के माध्यम से उनके कार्यों की सराहना करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया। ग्राम प्रहरियों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया गया।

शिविर में चिकित्सकों ने नेत्र परीक्षण, रक्तचाप (बीपी) की जांच, रक्त शर्करा (शुगर) परीक्षण और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद आवश्यकतानुसार चिकित्सकीय परामर्श तथा स्वास्थ्य संबंधी सुझाव भी दिए गए। इस अवसर पर अपर पुलिस आयुक्त (कानून एवं व्यवस्था) डॉ. राजीव नारायण मिश्र, अपर पुलिस आयुक्त (मुख्यालय) अजय कुमार, पुलिस उपायुक्त (पुलिस लाइन्स) शैलेन्द्र कुमार सिंह, पुलिस उपायुक्त (मुख्यालय) शैव्या गोयल सहित अन्य पुलिस अधिकारी और विशिष्टजन उपस्थित रहे।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी