गौतमबुद्ध नगर: रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 350 किलो पनीर नष्ट
गौतमबुद्ध नगर, 22 अगस्त (आईएएनएस)। आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए गौतम बुद्ध नगर में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटी और घटिया खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। जनपदवासियों को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण दूध और दूध से बने उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग की टीमें लगातार खाद्य पदार्थों की जांच और नमूने लेने की कार्रवाई कर रही हैं।
इसी अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने करीब 350 किलोग्राम पनीर को प्रथम दृष्टया मानव उपयोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत होने पर जब्त कर नष्ट कराया।
सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य त्योहार के दौरान बाजार में बिकने वाले दूध, पनीर, खोया और अन्य दुग्ध उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना है, ताकि लोगों को निर्धारित मानकों के अनुरूप खाद्य सामग्री मिल सके।
उन्होंने बताया कि 21 और 22 अगस्त की मध्यरात्रि को मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार और अमर बहादुर सरोज की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने लखनावली, ग्रेटर नोएडा क्षेत्र में दिल्ली समेत एनसीआर के विभिन्न जिलों में पनीर की सप्लाई करने वाली महगोरा, अलीगढ़ स्थित सुरेंद्र की डेयरी से संबंधित वाहन को पकड़ा। वाहन से लगभग 350 किलोग्राम पनीर सप्लाई के लिए ले जाया जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के अनुसार, मौके पर जांच के दौरान पनीर प्रथम दृष्टया संदिग्ध और मानव उपभोग के लिए अनुपयुक्त प्रतीत हुआ। इसके बाद अधिकारियों ने पनीर का एक नमूना जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा। नमूना लेने के बाद शेष लगभग 350 किलोग्राम पनीर को सुरक्षित रूप से जब्त कर लखनावली, ग्रेटर नोएडा स्थित सिद्ध बाबा डेयरी में विनष्टीकरण के लिए रखवाया गया। इसके बाद 22 अगस्त की सुबह ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सहयोग से जब्त पनीर को नष्ट करा दिया गया।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ने के कारण मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। ऐसे में विभाग की ओर से बाजार, डेयरी और खाद्य पदार्थों की सप्लाई करने वाले प्रतिष्ठानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इसी प्रकार का जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। विभिन्न स्थानों से दूध एवं दूध से बने उत्पादों के नमूने लेकर उन्हें प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर यदि किसी खाद्य पदार्थ में निर्धारित मानकों के विपरीत गुणवत्ता या मिलावट पाई जाती है, तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने आम जनता से भी अपील की है कि रक्षाबंधन के दौरान खाद्य सामग्री खरीदते समय गुणवत्ता और पैकेजिंग पर विशेष ध्यान दें तथा संदिग्ध खाद्य पदार्थों की बिक्री की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग को सूचित करें।
अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान लोगों को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है और इसके लिए निरीक्षण एवं नमूना संग्रह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएसएच