×

गौतमबुद्ध नगर में मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन, राजनीतिक दलों को सौंपी गई लिस्ट, कुल 15,05,082 वोटर पंजीकृत

 

गौतमबुद्ध नगर, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के तहत जिले की विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन कर दिया गया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य राजनीतिक दलों को अंतिम रूप से तैयार की गई निर्वाचक नामावली (मतदाता सूची) उपलब्ध कराना था।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और निर्वाचन रजिस्ट्रीकरण नियम, 1960 के प्रावधानों के तहत तैयार की गई सूची को औपचारिक रूप से सभी दलों के प्रतिनिधियों को सौंपा। अधिकारियों ने बताया कि इस प्रक्रिया के जरिए मतदाता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने का प्रयास किया गया है।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने जानकारी देते हुए बताया कि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन हो चुका है और आम नागरिक अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर अगले एक सप्ताह तक इस सूची का अवलोकन कर सकते हैं। यदि किसी प्रकार की त्रुटि या सुधार की आवश्यकता हो तो निर्धारित प्रक्रिया के तहत उसका निराकरण कराया जा सकता है। जनपद गौतमबुद्धनगर में कुल 15,05,082 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8,23,304 पुरुष, 6,81,728 महिला और 50 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

विधानसभा क्षेत्रवार आंकड़ों पर नजर डालें तो 61-नोएडा में कुल 5,87,195 मतदाता हैं, जिनमें 3,24,477 पुरुष, 2,62,708 महिला और 10 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। वहीं, 62-दादरी में 6,05,204 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 3,28,244 पुरुष, 2,76,926 महिला और 34 ट्रांसजेंडर मतदाता हैं। 63-जेवर विधानसभा क्षेत्र में कुल 3,12,683 मतदाता हैं, जिनमें 1,70,583 पुरुष, 1,42,094 महिला और 6 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

मतदान केंद्रों की बात करें तो जनपद में कुल 743 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 61-नोएडा में 233, 62-दादरी में 303 और 63-जेवर में 207 मतदान केंद्र शामिल हैं। इसके अलावा कुल 2,024 मतदेय स्थल बनाए गए हैं, जिनमें नोएडा में 811, दादरी में 794 और जेवर में 419 मतदेय स्थल हैं। बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

प्रशासन ने सभी दलों से सहयोग की अपील करते हुए निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव सुनिश्चित करने का भरोसा दिलाया। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन लोकतांत्रिक प्रक्रिया का महत्वपूर्ण चरण है और इससे आगामी चुनावों की तैयारी को गति मिलेगी।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी