×

गौतमबुद्ध नगर: खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा अभियान, दूध और डेयरी उत्पादों के 7 नमूने जांच के लिए भेजे गए

 

ग्रेटर नोएडा, 18 जून (आईएएनएस)। गौतमबुद्ध नगर में आम नागरिकों को शुद्ध एवं गुणवत्ता युक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने व्यापक जांच अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तर प्रदेश, लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में विभाग की टीम लगातार खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की निगरानी कर रही है और संदिग्ध उत्पादों के नमूने एकत्र कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेज रही है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि जिले में दूध और दूध से बने उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की विभिन्न टीमों ने कई प्रतिष्ठानों पर निरीक्षण कर कुल सात नमूने संग्रहित किए।

उन्होंने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी मुकेश कुमार ने ग्रेटर नोएडा के हबीबपुर स्थित कांटिनेंटल मिल्कोज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की दूध पैकिंग इकाई का निरीक्षण किया। यहां से गाय के दूध का एक नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया गया।

वहीं, खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल एवं रविंद्र नाथ वर्मा की संयुक्त टीम ने नोएडा फेस-2 स्थित सोवेंस फॉर्मेज डेरी इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में जांच अभियान चलाया। टीम ने यहां से मक्खन का एक नमूना, प्रोसेस्ड चीज स्प्रेड के दो नमूने तथा चीज का एक नमूना संग्रहित किया।

इसके अलावा, खाद्य सुरक्षा अधिकारी अमर बहादुर सरोज ने सेक्टर-45 स्थित डाबर डेयरी से पनीर का एक नमूना लिया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना ने सेक्टर-68 स्थित ऑर्गेनिक्ट फ्रेश प्राइवेट लिमिटेड से पिज्जा सॉस का एक नमूना जांच के लिए एकत्र किया।

अधिकारियों के अनुसार सभी सात नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सील कर खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों का उल्लंघन पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त सर्वेश मिश्रा ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। विभाग का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित, शुद्ध और मानक गुणवत्ता वाले खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध हो सकें तथा मिलावटखोरी पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।

--आईएएनएस

पीकेटी/एएसएच