×

गौतम अदाणी का अयोध्या दौरा, राम मंदिर में परिवार के साथ किए रामलला के दर्शन, गुरुकुल में बच्चों से मुलाकात

 

अयोध्या, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने गुरुवार को अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन किए। उन्होंने अयोध्या के निशुल्क गुरुकुल महाविद्यालय का भी दौरा किया और आश्वासन दिया कि भारतीय संस्कृति को बचाने और अक्षुण्य रखने में जो भी सहयोग होगा, वह अदाणी फाउंडेशन की ओर से किया जाएगा।

गौतम अदाणी गुरुवार को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे। उन्होंने राम मंदिर में अपनी पत्नी प्रीति अदाणी और परिवार के सदस्यों के साथ विशेष पूजा-अर्चना की। उन्होंने देशवासियों के लिए प्रार्थना की कि प्रभु श्रीराम का आशीर्वाद हम सभी पर बना रहे और हमारा देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़े।

इसके बाद, अदाणी ग्रुप के चेयरमैन अपने परिवार समेत गुरुकुल महाविद्यालय पहुंचे। उन्होंने छात्रों और अध्यापकों से मुलाकात की। यहां गुरुकुल के पदाधिकारियों की ओर से गौतम अदाणी को एक पुस्तक भी भेंट की गई।

गुरुकुल परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए गौतम अदाणी ने कहा, "मेरे और मेरे परिवार को भव्य श्रीराम मंदिर में दर्शन करने का अवसर मिला है। यह क्षण अत्यंत भावपूर्ण और गौरव का क्षण है। यह मंदिर केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि भारत की संस्कृति, एकता और आत्मविश्वास का प्रतीक है।"

उन्होंने आगे कहा, "यहां गुरुकुल में आने का भी मौका मिला है। बच्चों के साथ समय बिताया है। गुरुकुल आज के युग में इस संस्कृति को जागरुक रखने का बहुत महत्वपूर्ण काम कर रहे हैं। अदाणी फाउंडेशन की ओर से एक गुरुकुल संस्कृति को संभालने व आज के एआई के समय में अपनी संस्कृति को और वेग कैसे मिले, इसके लिए हर सहयोग किया जाएगा।"

समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए गुरुकुल के एक अध्यापक ने कहा, "उद्योगपति गौतम अडानी अयोध्या में राम जन्मभूमि में दर्शन के बाद वे गुरुकुल महाविद्यालय में आए। यहां उन्होंने बच्चों से मुलाकात की और उनसे संवाद किया। भारतीय संस्कृति और संस्कृत में गौतम अडानी की काफी जिज्ञासा और दिलचस्पी दिखी है। हम बहुत आभारी हैं। हमें खुशी हुई कि वे यहां आकर गुरुकुल परिवार से मिले।"

--आईएएनएस

डीसीएच/