×

गर्मी से पहले एक्शन मोड में यूपी सरकार: निर्बाध बिजली के निर्देश, बैलेंस खत्म होने पर रात में नहीं कटेगी सप्लाई

 

लखनऊ, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में गर्मी के मौसम से पहले बिजली व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सख्त निर्देश दिए हैं। उन्होंने साफ कहा कि “जनता सर्वोपरि” है और उपभोक्ताओं को निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी सेवा देना ही विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने शुक्रवार को लखनऊ स्थित संगम सभागार में यूपीपीसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक सहित सभी डिस्कॉम के प्रबंध निदेशकों के साथ समीक्षा बैठक कर गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति की तैयारियों का आकलन किया। \

बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि सिस्टम में जनता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और उसी के अनुरूप कार्य संस्कृति विकसित की जाए। स्मार्टमीटर पर फोकस, भ्रम दूर करने के निर्देश ऊर्जा मंत्री ने स्मार्टमीटर से जुड़ी समस्याओं पर चिंता जताते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि इनके समाधान के लिए प्रभावी रणनीति बनाई जाए।

उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं में किसी भी प्रकार की भ्रांति न रहे, इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए। उपभोक्ताओं को समय-समय पर बैलेंस की जानकारी दी जाए, ताकि असुविधा से बचा जा सके। बड़ी राहत देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि यदि किसी उपभोक्ता का बैलेंस रात में खत्म होता है तो उसकी बिजली सप्लाई नहीं काटी जाएगी।

इसी तरह अवकाश के दिनों में भी कनेक्शन नहीं काटा जाएगा। शिकायतों के लिए अलग काउंटर, जवाबदेही तय स्मार्ट मीटर से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए अलग काउंटर स्थापित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही शिकायत निवारण तंत्र को और अधिक मजबूत व जवाबदेह बनाने पर जोर दिया गया। क्षमता वृद्धि और मॉनिटरिंग पर सख्ती ऊर्जा मंत्री ने ट्रांसफार्मर, फीडर और अन्य तकनीकी व्यवस्थाओं को समय रहते मजबूत करने के निर्देश दिए, ताकि बढ़ती मांग के बावजूद निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।

उन्होंने फील्ड स्तर पर लगातार मॉनिटरिंग, अधिकारियों की सक्रिय भागीदारी और जवाबदेही तय करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

ऊर्जा मंत्री ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि गर्मी के दौरान प्रदेशवासियों को बिना बाधा के बिजली मिले और उपभोक्ताओं को बेहतर सेवा का अनुभव हो।

--आईएएनएस

विकेटी/एएसएच