गरबा पंडाल में गैर-हिंदुओं की एंट्री पर महामंडलेश्वर राम गोपाल दास की टिप्पणी, आयोजकों से रोक लगाने की मांग
इंदौर, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। महामंडलेश्वर राम गोपाल दास महाराज ने नवरात्रि गरबा वेन्यू में गैर-हिंदू युवाओं के घुसने पर चेतावनी दी और ऑर्गनाइजर से एंट्री रोकने और पुलिस एक्शन लेने की अपील की।
महामंडलेश्वर राम गोपाल दास महाराज ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "हमने पहले ही गरबा पंडाल आयोजकों से आह्वान किया है कि गैर-हिंदू लोगों को नवरात्रि के कार्यक्रम में एंट्री न दें।"
उन्होंने कहा कि ये गैर-हिंदू लोग गरबा खेलने नहीं, बल्कि हमारी बच्चियों का लव जिहाद करने और उनकी मानसिकता बदलने के लिए आते हैं। जैसे मक्का-मदीना में नियम है कि इसमें सिर्फ मुसलमान ही जा सकता है, वैसे ही हमारे गरबा पंडालों में सिर्फ हिंदू की एंट्री वैध हो। गैर-हिंदू लोगों का प्रवेश नहीं होना चाहिए।
महामंडलेश्वर राम गोपाल दास महाराज ने कहा कि दूसरी बात यह है कि ये जो आयोजक हैं, प्रशासन को इन्हें सख्त चेतावनी देनी चाहिए और हम संत समाज भी चेतावनी दे रहे हैं कि आप इन गैर-हिंदुओं को मत बुलाइए। आप माता रानी की आराधना और उपासना कीजिए। सनातनियों को बुलाइए, इन्हें नहीं।
उन्होंने आगे कहा कि इनके लोग सिर्फ हिंदू लड़कियों के साथ लव जिहाद करने के लिए आपके पंडालों में आते हैं। अगर कोई लव जिहाद करता पकड़ा जाए तो उसे कड़ी सजा मिलनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि वो हमारी बहन-बेटियों को दृगभ्रमित करते हैं, उनकी जिंदगी नर्क बना देते हैं। हम अपनी बहनों से भी कहना चाहते हैं कि दुर्गा और काली का चरित्र पढ़ो और आप वही बनो। आप देवी हैं, हम भी आपकी पूजा करते हैं, आपके चरण पूजते हैं, मस्तक पर तिलक लगाते हैं। आप देवी स्वरूपा हैं।
--आईएएनएस
केके/डीकेपी