☰
×

गांव में सरपंच का चुनाव लड़ने के लिए युवक ने महिला दोस्त के घर से चुराया सोना और कैश, पुलिस ने दबोचा

 

इंदौर, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक महिला के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने खुलासा करते हुए 'लिव-इन पार्टनर' को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी युवक अपने गांव में सरपंच का चुनाव लड़ना चाहता था, जिसके लिए उसने अपनी महिला दोस्त के घर से करोड़ों की कीमत का सोना और नकदी चोरी की।

डीसीपी अमन राठौड़ ने बताया कि इंदौर के लसुड़िया थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला रेनू शर्मा ने पिछले महीने अपने घर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके घर से एक सोने का बिस्किट, सोने की चेन और दो लाख रुपए कैश चोरी हुए हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच के दौरान पीड़ित महिला के सोशल मीडिया अकाउंट से एक व्यक्ति की पहचान हुई थी। वह व्यक्ति कुछ समय से महिला के साथ ही रह रहा था। महिला को भी चोरी के बाद उस पर संदेश था। इसलिए जांच पड़ताल की गई। पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस टीम ने आरोपी को हिरासत में लिया।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी से जब पूछताछ की गई तो उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। यह आरोपी गोपाल उर्फ गोपी राजस्थान के जोधपुर का रहने वाला है। अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी के कब्जे से सोने का बिस्किट (630 ग्राम), सोने की चेन (40 ग्राम), दो लाख रुपए कैश और एक आईफोन बरामद किया गया। इस सामान की बाजार में कीमत लगभग एक करोड़ रुपए है।

डीसीपी अमन राठौड़ ने बताया कि आरोपी की उम्र लगभग 25 साल है। पीड़िता और आरोपी दोनों अलग-अलग राज्य के रहने वाले हैं। दोनों सोशल मीडिया के माध्यम से संपर्क में आए थे। बाद में दोनों साथ रहने लगे थे। उन्होंने बताया कि आरोपी युवक के बारे में अधिक जानकारी जुटाई जा रही है और आपराधिक रिकॉर्ड भी देखा जा रहा है।

सरपंच का चुनाव लड़ने के विषय पर डीसीपी ने कहा कि आरोपी ने अगर पहले भी सरपंच का चुनाव लड़ा है तो इसके बारे में और जानकारी जुटाई जाएगी।

--आईएएनएस

डीसीएच/