×

गणपति विसर्जन पर खुश दिखे सलमान खान, गणपति आरती के दौरान कर बैठे ये गलती

 

मुंबई, 16 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता सलमान खान छोटे भाई सोहेल खान के यहां गणेश विसर्जन के दौरान काफी खुशमिजाज मूड में दिखे। यहीं पर उनकी बहन अर्पिता खान शर्मा ने देखा कि वह आरती की थाली गलत दिशा में घुमा रहे हैं और तुरंत उन्हें टोक दिया।

दरअसल, मंगलवार देर रात बांद्रा वेस्ट इलाके में अभिनेता भाई सोहेल खान के घर पर गणपति विसर्जन के लिए गए थे। इस बार अभिनेता काफी खुशमिजाज मूड में दिखे। कार से उतरने के बाद अभिनेता ने पैपराजी को पोज भी दिए। इस दौरान उन्होंने सिर पर टोपी पहन रखी थी। तभी अचानक उनकी नजर एक पैपराजी से मिली और वह मुस्कुराते हुए हंस पड़े। इसके बाद एक्टर अंदर की तरफ चले गए और वहां मौजूद एक बच्चे और उसके माता-पिता से भी मिले।

वहीं समारोह के दौरान एक और पल सामने आया, जब एक्टर गलत दिशा में आरती करते दिखे, तब उनकी बहन अर्पिता खान ने उन्हें टोककर अपनी गलती सुधारने को कहा।

अर्पिता को सलमान को इशारा करते हुए थाली की दिशा बदलने और सही तरीके से आरती जारी रखने के लिए कहते हुए देखा जा सकता है। सलमान को अपनी गलती का एहसास होता है और वह तुरंत उनकी बात मान लेते हैं, जिससे यह पल काफी प्यारा बन जाता है।

सेलिब्रेशन के लिए, सलमान ने कैजुअली ब्लैक टी-शर्ट के साथ ब्लैक हेड कवरिंग और स्लीवलेस ग्रे जैकेट पहनी हुई थी। वहीं, अर्पिता ने फ्लोरल डिटेलिंग वाला ट्रेडिशनल ग्रीन और ब्लैक एम्ब्रॉएडर्ड एथनिक आउटफिट पहना हुआ था। भाई-बहन गणपति सेलिब्रेशन में हिस्सा लेते समय परिवार के सदस्यों, दोस्तों और मेहमानों से घिरे हुए थे।

सलमान खान और उनका परिवार अपने घर की बहु-धार्मिक संस्कृति की वजह से गणेशोत्सव को बड़े ही उत्साह के साथ मनाने के लिए जाने जाते हैं।

हर साल, उनका परिवार अपने घर में गजानन का स्वागत करता है। अपने करीबियों को बप्पा का पूजन करने के लिए बुलाते हैं और सलमान समेत पूरा परिवार मिलकर पूजा करते हैं।

सलमान खान के परिवार में गणेश पूजन की शुरुआत दशकों पहले उनकी मां सलमा खान (सुशीला चरक) ने की थी। सलमान के पिता, स्क्रीनराइटर सलीम खान, मुस्लिम हैं, जबकि उनकी मां, सुशीला चरक (सलमा खान), एक हिंदू परिवार में ताल्लुक रखती हैं।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम