☰
×

गंगा नदी के तटबंध में कटाव से साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द और कई के मार्ग बदले

 

कोलकाता, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। मालदा मंडल के अंतर्गत सकरीगली-महाराजपुर स्टेशनों के बीच गंगा नदी के तटबंध में कटाव के कारण साहिबगंज-बरहरवा रेलखंड पर रेल परिचालन प्रभावित हुआ है। सुरक्षा के मद्देनजर डाउन लाइन पर यात्री एवं मालगाड़ियों का परिचालन फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। हालांकि, अप लाइन से नियंत्रित गति में ट्रेनों का आवागमन जारी है।

रेलवे के अनुसार, प्रभावित स्थल पर बड़ी संख्या में रेल अधिकारी एवं कर्मचारी 24 घंटे युद्धस्तर पर बहाली कार्य में जुटे हैं। सामान्य रेल सेवाओं को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। मौजूदा स्थिति को देखते हुए कई ट्रेनों को रद्द करने के साथ ही कुछ ट्रेनों के मार्ग में परिवर्तन तथा कुछ को शॉर्ट टर्मिनेट/शॉर्ट ओरिजिनेट करने का निर्णय लिया गया है।

1 अक्टूबर 2026 को यात्रा प्रारंभ करने वाली 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू रद्द रहेगी।

2 अक्टूबर को 17 ट्रेनें रद्द की गई हैं, जिसमें 63402 मालदा टाउन-साहिबगंज मेमू, 63421 अजीमगंज-साहिबगंज मेमू, 63411 साहिबगंज-भागलपुर मेमू, 63063 बर्द्धमान-साहिबगंज मेमू, 53411 बरहरवा-साहिबगंज पैसेंजर, 13427 हावड़ा-साहिबगंज इंटरसिटी एक्सप्रेस, 63405 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू, 63073 रामपुरहाट-साहिबगंज मेमू, 63401 साहिबगंज-मालदा टाउन मेमू, 63422 साहिबगंज-अजीमगंज मेमू, 63412 भागलपुर-साहिबगंज मेमू, 63064 साहिबगंज-बर्द्धमान मेमू, 53412 साहिबगंज-बरहरवा पैसेंजर, 63074 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू, 13428 साहिबगंज-हावड़ा एक्सप्रेस, 63406 साहिबगंज-रामपुरहाट मेमू, 53408 जमालपुर-रामपुरहाट पैसेंजर ट्रेन शामिल हैं।

13106 बलिया-सियालदह एक्सप्रेस, जिसकी यात्रा 2 अक्टूबर को शुरू होगी, तथा 13020 काठगोदाम-हावड़ा बाघ एक्सप्रेस (जिसकी यात्रा 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर को शुरू हुई/होगी) को मुंगेर-भागलपुर-बांका-देवघर-जसीडीह बाईपास के रास्ते चलाया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव भागलपुर एवं देवघर में होगा।

इसी तरह 15657 दिल्ली-कामाख्या ब्रह्मपुत्र मेल की 1 अक्टूबर की यात्रा और 15734 बठिंडा-बालुरघाट फरक्का एक्सप्रेस की यात्रा को जमालपुर-मुंगेर-कटिहार के रास्ते चलाया जाएगा।

13024 गया-हावड़ा एक्सप्रेस की 2 अक्टूबर की यात्रा किऊल-झाझा-आसनसोल के रास्ते होगी।

इसके अलावा 13404 भागलपुर-रांची वनांचल एक्सप्रेस और 13072 जमालपुर-हावड़ा एक्सप्रेस, दोनों की 2 अक्टूबर की यात्रा, भागलपुर-दुमका-रामपुरहाट के रास्ते संचालित होगी।

53029 अजीमगंज-भागलपुर पैसेंजर, जिसकी यात्रा 1 एवं 2 अक्टूबर को शुरू होगी, बरहरवा में शॉर्ट टर्मिनेट होगी।

2 अक्टूबर को 13410 किऊल-मालदा टाउन इंटरसिटी एक्सप्रेस को साहिबगंज में शॉर्ट टर्मिनेट किया जाएगा। वहीं 13409 मालदा टाउन-किऊल इंटरसिटी एक्सप्रेस का परिचालन साहिबगंज से शुरू होगा।

इसी दिन 53403 रामपुरहाट-गया पैसेंजर को जमालपुर से तथा 53030 भागलपुर-अजीमगंज पैसेंजर को बरहरवा से चलाया जाएगा।

यात्रियों की सुविधा के लिए साहिबगंज-भागलपुर के बीच दो पैसेंजर ट्रेनों की व्यवस्था की गई है। ये ट्रेनें साहिबगंज से क्रमशः सुबह 10:20 बजे और शाम 5:00 बजे भागलपुर के लिए रवाना होंगी तथा भागलपुर से वापस साहिबगंज आएंगी।

रेलवे प्रशासन प्रभावित सेक्शन में सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए लगातार काम कर रहा है। यात्रियों को अपनी यात्रा शुरू करने से पहले संबंधित ट्रेन की अद्यतन परिचालन स्थिति की जानकारी लेने की सलाह दी गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी