गंगा एक्सप्रेसवे पूरी तरह क्रियाशील, उन्नाव के एक रैंप पर जलभराव
लखनऊ, 27 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही अत्यधिक बारिश के बीच गंगा एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से जारी है। एक्सप्रेसवे के पूरे मार्ग पर कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं है, हालांकि उन्नाव में एक विशेष रैंप पर बारिश का पानी जमा होने की समस्या सामने आई है।
परियोजना प्रबंधन के मुताबिक, टीम लगातार निगरानी कर रही है और यातायात के सुरक्षित एवं सुचारु संचालन के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। गंगा एक्सप्रेसवे के प्रोजेक्ट मैनेजर आर.एस. मिश्र ने बताया कि मौजूदा बारिश सामान्य वर्षा नहीं, बल्कि अत्यधिक एवं असामान्य बारिश है। इसके बावजूद एक्सप्रेसवे पूरी तरह क्रियाशील है और वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी है।
उन्होंने बताया कि उन्नाव स्थित जिस रैंप पर जलभराव हुआ है, उसके समीप हाईटेंशन विद्युत लाइन की ऊंचाई अपेक्षाकृत कम है। इसके चलते जल निकासी व्यवस्था को प्रभावित करने वाली परिस्थितियां उत्पन्न हुई हैं। आर.एस. मिश्र के अनुसार, एजेंसी की ओर से हाईटेंशन विद्युत लाइन को स्थानांतरित करने के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ आवश्यक समन्वय और कार्रवाई की जा रही है। मानसून समाप्त होने के बाद विद्युत लाइन को शीघ्र स्थानांतरित किए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे की टीम पूरी तरह मुस्तैद है और मौसम तथा सड़क की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। टीम का प्रयास है कि अत्यधिक बारिश के बीच भी एक्सप्रेसवे पर यातायात का संचालन सुरक्षित और निर्बाध बना रहे। परियोजना प्रबंधन ने स्पष्ट किया कि उन्नाव के उक्त रैंप को छोड़कर पूरे गंगा एक्सप्रेसवे पर जलभराव की स्थिति नहीं है और एक्सप्रेसवे पर यातायात सामान्य रूप से संचालित हो रहा है।
प्रदेश में लगातार बारिश के चलते गंगा एक्सप्रेसवे के बशीरतगंज इंटरचेंज पर जलभराव हो गया। दही थाना क्षेत्र स्थित इंटरचेंज मार्ग पर पानी जमा होने से एक्सप्रेसवे से उतरने वाले वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। जलभराव के कारण वाहन चालकों को मार्ग पार करने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। स्थानीय लोगों और वाहन चालकों का कहना है कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण बारिश के बाद इंटरचेंज मार्ग पर पानी जमा हो जाता है, जिससे दुर्घटना का खतरा बना रहता है।
--आईएएनएस
विकेटी/एसके