दिल्ली के आस्था कुंज पार्क में नाबालिग से गैंगरेप: FIR में पीड़िता का बड़ा बयान, सुरक्षा को लेकर सड़कों पर उतरीं DU छात्राएं
दिल्ली के कालकाजी मंदिर के पास स्थित आस्था कुंज पार्क में 17 साल की नाबालिग के साथ गैंगरेप के मामले में FIR से कई अहम जानकारियां सामने आई हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वारदात 21 सितंबर की शाम हुई थी। पीड़िता उस समय अपने 17 वर्षीय दोस्त के साथ पार्क में बैठी थी, तभी तीन युवक वहां पहुंचे और खुद को पुलिसकर्मी बताया।
आरोपियों ने पहले दोनों को डराया-धमकाया और उनके मोबाइल फोन अपने कब्जे में ले लिए। इसके बाद पीड़िता और उसके दोस्त को अलग कर दिया गया। FIR के अनुसार, आरोपियों ने पीड़िता को पार्क के सुनसान हिस्से में ले जाकर हथियारों के दम पर उसके साथ दुष्कर्म किया।
बताया गया है कि पीड़िता उस दिन अपनी बहन को दोस्त के साथ कालकाजी मंदिर जाने की जानकारी देकर निकली थी। दोनों शाम करीब पौने छह बजे मंदिर पहुंचे और दर्शन के बाद मेट्रो स्टेशन के पास से खाने-पीने का सामान लेकर आस्था कुंज पार्क चले गए। दोनों पार्क के गेट नंबर 7 से अंदर गए और एक बेंच पर बैठ गए थे।
इसी दौरान तीन आरोपी वहां पहुंचे। FIR के मुताबिक, उन्होंने पीड़िता के दोस्त के साथ मारपीट की और खुद को पुलिसकर्मी बताया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़िता को पार्क के एक सुनसान हिस्से में ले जाकर धमकाया। पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।
घटना के बाद आरोपियों ने दोनों को धमकी देकर वहां से चले जाने को कहा। इसके बाद पीड़िता ने अपने दोस्त को पूरी घटना बताई और PCR को सूचना दी गई। पीड़िता ने पुलिस को आरोपियों के नाम और निकनेम के साथ-साथ उनके कपड़ों और हुलिए से जुड़ी जानकारी भी दी, जिससे जांच में मदद मिली।
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान पार्क और उसके आसपास लगे 300 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पुलिस और FSL की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़िता ने जांच टीम को उन जगहों की पहचान भी कराई, जहां वारदात हुई थी। पुलिस के मुताबिक, जांच के दौरान कुछ महत्वपूर्ण सामान भी बरामद किया गया।
मामले में आसिफ, हेमंत और मुकेश को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस के अनुसार, हेमंत और मुकेश श्रीनिवासपुरी के रहने वाले सगे भाई हैं। तीनों के खिलाफ दुष्कर्म, हमला, आपराधिक साजिश, धमकी और POCSO एक्ट समेत संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
इस घटना के बाद दिल्ली में महिलाओं और लड़कियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठे हैं। दिल्ली विश्वविद्यालय की छात्राओं ने शुक्रवार को गर्गी कॉलेज और कमला नेहरू कॉलेज के बाहर मार्च निकालकर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और मामले में कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया।घटना के बाद दिल्ली पुलिस ने भी शुक्रवार रात शहर के पार्कों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। अब जांच एजेंसियां CCTV फुटेज, आरोपियों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।