गणेश विसर्जन जुलूस में बवाल, सपा सांसद की गाड़ी पर पथराव, दोनों पक्षों की शिकायत पर एफआईआर
संतकबीरनगर, 20 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान सपा सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद के काफिले और जुलूस में शामिल लोगों के बीच हुए विवाद ने तूल पकड़ लिया है। बखिरा थाना क्षेत्र के अमरडोभा चौराहे पर 18 सितंबर की रात हुए बवाल में सांसद की गाड़ी का शीशा टूट गया। मामले में पुलिस ने सांसद की तहरीर पर जुलूस में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, जुलूस में शामिल विशाल कुमार की शिकायत पर सांसद, जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव समेत अन्य लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की भूमिका तथा घटनाक्रम से संबंधित वीडियो फुटेज की भी जांच की जा रही है। सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि 18 सितंबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने सहयोगियों और सुरक्षाकर्मियों के साथ बेलहर कला स्थित अपने आवास की ओर जा रहे थे। अमरडोभा चौराहे के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस जा रहा था।
सांसद के मुताबिक, पुलिस की मदद से उनके काफिले के वाहनों को भीड़ से बाहर निकाला जा रहा था। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि इसी दौरान जुलूस में शामिल उपद्रवी लोगों ने सांसद की गाड़ी और काफिले के अन्य वाहनों पर ईंट-पत्थर और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। सांसद ने कहा कि हमले में उनके वाहन क्षतिग्रस्त हुए और सुरक्षाकर्मियों तथा समर्थकों ने उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। सांसद ने पुलिस से घटना की वीडियोग्राफी की जांच कर हमले में शामिल लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
दूसरी ओर, संतोषपुर निवासी विशाल कुमार ने 20 सितंबर को बखिरा थाने में दी गई तहरीर में सांसद और उनके समर्थकों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। विशाल का आरोप है कि 18 सितंबर की रात गणेश विसर्जन जुलूस अमरडोभा चौराहे पर पहुंचा था। इसी दौरान एक डीजे का जनरेटर खराब होने से संगीत बंद हो गया। डीजे संचालक और जुलूस में शामिल लोगों के बीच कहासुनी के बाद जुलूस रुक गया।
विशाल के मुताबिक, इसी दौरान सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद और उनके समर्थकों की तीन-चार गाड़ियां हूटर बजाते हुए जुलूस के बीच से निकलने लगीं। आरोप है कि इसी दौरान वह सांसद की गाड़ी की चपेट में आकर जमीन पर गिर गया और उसे कमर में चोट आई। तहरीर में विशाल ने आरोप लगाया कि घटना का विरोध करने पर सांसद के समर्थकों से कहासुनी हुई और उसके साथ मारपीट तथा गाली-गलौज की गई। उसने आरोप लगाया कि इसी दौरान जुलूस में शामिल कुछ लोगों की ओर से सांसद की गाड़ी पर ईंट-पत्थर फेंके गए, जिससे उसका शीशा टूट गया।
विशाल ने यह भी आरोप लगाया है कि इसके बाद दोनों पक्षों में पथराव हुआ, जिसमें कुछ लोगों को चोटें आईं और वाहनों को नुकसान पहुंचा। उसने सांसद और उनके समर्थकों पर धमकी देने तथा माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। विशाल की शिकायत में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम समेत अन्य धाराओं का उल्लेख है।
पुलिस अब घटना के वीडियो, मौके पर मौजूद लोगों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। घटना को लेकर स्थानीय स्तर पर भी चर्चा तेज है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच के बाद सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी