☰
×

गांधी सागर को मिलेगी विशेष पहचान, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे : सीएम मोहन यादव

 

भोपाल, 17 नवंबर (आईएएनएस) मध्य प्रदेश की डेस्टिनेशन कैबिनेट गांधी सागर इलाके में होने वाली है राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव का मानना है कि इससे गांधी सागर को विशेष पहचान मिलेगी। दरअसल राज्य सरकार विभिन्न क्षेत्रों के महत्व और उसको नई पहचान देने के मकसद से डेस्टिनेशन बैठकर कर रही है।इसी क्रम में 18 नवंबर को डेस्टिनेशन बैठक गांधी सागर में होने वाली है।

गांधी सागर क्षेत्र में होने वाली डेस्टिनेशन बैठक को लेकर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि गांधी सागर कैबिनेट बैठक हमारी अब तक की आयोजित विभिन्न कैबिनेट बैठकों में सबसे प्रभावी और अलग होगी। इससे गांधी सागर को विशिष्ट पहचान मिलेगी एवं स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार नवाचार और जनकल्याण कार्यों को बढ़ावा देते हैं, ऐसे में पानी के माध्यम से बिजली उत्पादन होगा।इतना ही नहीं पीक ओवर्स में पंप स्टोरेज से 2 हज़ार मेगावाट बिजली उत्पादन होगा।ये स्थान विज्ञान में रुचि रखने वालों के लिये तीर्थ की तरह रहेगा।

उन्होंने कहा कि मनासा विधानसभा में कई विकास कार्यों की सौगात भी दूँगा। हमारा प्रयास रहेगा कि विज्ञान के विद्यार्थियों को इस क्षेत्र में भ्रमण कराया जाएगा। हमारी सरकार में इस प्रोजेक्ट का भूमिपूजन हुआ और बनकर तैयार हुआ है। यह प्रोजेक्ट एशिया का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है।

गांधी सागर बांध और अभयारण्य की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि मोहन यादव गांधी सागर बांध और अभयारण्य पर्यटन का अद्भुत केंद्र है। यहाँ पर चीता प्रोजेक्ट भी संचालित है। इस क्षेत्र की शैलों पर हजारो साल पुराने चित्र हैं। आदिमानव के जमाने से पुरातत्व, पर्यटन और धार्मिक रूप से विशिष्ट तथा समृद्ध क्षेत्र है।इस तरह के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर से जुड़े स्थानों पर हमारे द्वारा डेस्टिनेशन कैबिनेट का आशय उन क्षेत्रों के बारे में आमजनों तक जानकारी पहुंचाना है। इससे स्थानीय स्तर पर रोज़गार और पर्यटन के क्षेत्र में विस्तार होगा।

--आईएएनएस

एसएनपी/पीएम