'गांधी कांग्रेस' में चापलूसी और चमचागिरी का चलन: अजय आलोक
पटना, 1 दिसंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता नाना पटोले द्वारा लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की तुलना भगवान श्रीराम से करने पर भारतीय जनता पार्टी हमलावर है। इसे लेकर भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने गुरुवार को नाना पटोले पर निशाना साधा।
भाजपा प्रवक्ता अजय आलोक ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "मैं फिर कह रहा हूं कि यह 'गांधी कांग्रेस' है। आजकल 'गांधी कांग्रेस' में चापलूसी और चमचागिरी का चलन है। जो राहुल गांधी और प्रियंका गांधी की सबसे ज्यादा चापलूसी और चमचागिरी करता है, वह सबसे तेजी से आगे बढ़ता है।"
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी की भगवान श्रीराम से तुलना की जा रही है। राहुल गांधी तो हिंदू भी नहीं हैं। आज तक वह रामलला के दर्शन करने अयोध्या तक नहीं गए। वह हिंदू धर्म से नफरत करते हैं और शक्ति के खिलाफ लड़ते हैं। हम शक्ति के लिए लड़ रहे हैं। वे कहते हैं कि हिंदू हिंसक होते हैं, और फिर वे उन्हें भगवान श्रीराम के रूप में दिखाने की कोशिश करते हैं।"
अजय आलोक ने कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी के तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर वोट चोरी का आरोप लगाने पर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बिहार में एक कहावत, 'छलनी दोसे सूप के,' बहुत प्रचलित है। आज तक कांग्रेस से बड़ी वोट डकैती किसी ने नहीं की है। अधीर रंजन चौधरी, जो कांग्रेस के नेता हैं, राहुल गांधी से सवाल करने के बजाय ममता बनर्जी पर वोट चोरी का आरोप लगा रहे हैं।"
उन्होंने कहा, "सीएम ममता बनर्जी वोट चोरी नहीं कर रही हैं। वह अपने घुसपैठियों के वोट बचाना चाहती हैं। घुसपैठिए उनके वोटर हैं। ऐसे में एक बड़ा चोर दूसरे चोर पर सवाल उठा रहा है। सच तो यह है कि दोनों ही वोट चोर हैं। अधीर को राहुल गांधी से पूछना चाहिए कि उनकी दादी के समय से आज तक चोरी कैसे हुई? बूथ कैसे लूटा गया, और अपने मन का चुनाव आयोग कैसे बनाया गया? अब वोट चोरी की कहानी खत्म हो चुकी है। उन्हें पता है कि यह कहानी खत्म हो गई है, जिसके कारण उनके मन में निराशा है।"
--आईएएनएस
एससीएच