गांदरबल पुलिस ने अवैध रूप से खनिज ले जा रहे पांच ट्रकों को रोका, प्रत्येक वाहन पर लगाया जुर्माना
गांदरबल, 12 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में पुलिस की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई। अवैध माइनिंग और खनिजों के अवैध ट्रांसपोर्टेशन के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत पुलिस ने अवैध रूप से निकाली गई रेत ले जा रहे पांच ट्रकों को पकड़ा है।
बता दें कि करगिल से गांदरबल की ओर जा रहे इन वाहनों को सोनमर्ग पुलिस स्टेशन की एक टीम ने रूटीन चेकिंग के दौरान रोका। जांच में सामने आया कि ट्रक बिना वैध अनुमति के रेत ले जा रहे थे, जो माइनिंग के तय नियमों का उल्लंघन था। इस मामले की जानकारी तुरंत जियोलॉजी और माइनिंग विभाग को दी गई, जिसके बाद सभी पांच ट्रकों का चालान किया गया और कानून के संबंधित प्रावधानों के तहत उन्हें जब्त करने के आदेश जारी किए गए।
जियोलॉजी और माइनिंग विभाग ने नियमों के अनुसार प्रत्येक वाहन पर 17,425 रुपये का जुर्माना लगाया। गांदरबल पुलिस अवैध माइनिंग गतिविधियों को रोकने और प्राकृतिक संसाधनों की सुरक्षा के लिए अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता दोहराती है। पूरे जिले में इस तरह के प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे और खनिजों के अवैध खनन और ट्रांसपोर्टेशन में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, कुपवाड़ा पुलिस ने टंगदार के टार्बोनी में नाका चेकिंग के दौरान एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार किया था। उसके पास से ब्राउन शुगर जैसा पदार्थ बरामद किया गया था। आरोपी की पहचान धनी निवासी मोहम्मद आमिर के तौर पर हुई थी। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बीते दिनों नशीले पदार्थों के खतरे को रोकने और ड्रग तस्करी के फाइनेंशियल इंफ्रास्ट्रक्चर को खत्म करने की अपनी लगातार कोशिशों के तहत श्रीनगर पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत एक घर को जब्त किया था। इस घर की कीमत 1.20 करोड़ से ज़्यादा है।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम