दिसंबर के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है गगनयान: वीडियो में जाने पहली मानवरहित उड़ान की तैयारी अंतिम चरण में, 2028 में अंतरिक्ष जाएंगे भारतीय गगनयात्री
भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन गगनयान की पहली मानवरहित उड़ान जी-1 की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने बुधवार को दैनिक भास्कर को बताया कि गगनयान की पहली उड़ान दिसंबर 2026 के आखिर या जनवरी 2027 की शुरुआत में लॉन्च करने की तैयारी है। यह उड़ान श्रीहरिकोटा स्थित दूसरे प्रक्षेपण स्थल से होगी। इसका मुख्य उद्देश्य अंतरिक्ष में भेजे जाने वाले क्रू मॉड्यूल की सुरक्षित वापसी की क्षमता का परीक्षण करना है।मंत्री के मुताबिक, पहली मानवरहित उड़ान में क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अंतरिक्ष में भेजा जाएगा। हालांकि, इस उड़ान में मानवरूपी रोबोट व्योममित्र को नहीं भेजा जाएगा। उसे दूसरी उड़ान में अंतरिक्ष भेजने की योजना है।
पहली दो उड़ानों की सफलता के बाद इंसान जाएंगे अंतरिक्ष
गगनयान मिशन के तहत शुरुआती दो उड़ानें मानवरहित होंगी। इन उड़ानों के जरिए अंतरिक्ष यान की तकनीक, सुरक्षा व्यवस्था और वापसी से जुड़ी प्रणालियों का परीक्षण किया जाएगा। यदि पहली दोनों उड़ानें सफल रहती हैं, तो तीसरी उड़ान में भारतीय गगनयात्री अंतरिक्ष की यात्रा कर सकेंगे।इसके लिए मार्च 2028 तक का लक्ष्य रखा गया है। इस मिशन के सफल होने के बाद भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल हो जाएगा, जिन्होंने अपने नागरिकों को स्वदेशी अंतरिक्ष कार्यक्रम के तहत अंतरिक्ष में भेजा है। भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद ऐसा करने वाला चौथा देश बन जाएगा।
मानव-रेटेड रॉकेट से होगा प्रक्षेपण
गगनयान मिशन को मानव-रेटेड एचएलएमवी-3 रॉकेट से लॉन्च किया जाएगा। यह चंद्रयान-3 मिशन में इस्तेमाल किए गए रॉकेट का उन्नत रूप है। मानव अंतरिक्ष उड़ान को ध्यान में रखते हुए इस रॉकेट में सुरक्षा और विश्वसनीयता से जुड़े विशेष प्रबंध किए गए हैं।फिलहाल पूरे मॉड्यूल का थर्मल-वैक्यूम परीक्षण किया जा रहा है। इस परीक्षण में उपकरणों को अंतरिक्ष जैसी निर्वात स्थिति और तापमान की परिस्थितियों में रखकर उनकी क्षमता जांची जाती है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि अंतरिक्ष में पहुंचने के बाद सभी उपकरण सही तरीके से काम करें।
क्रू और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाले सिस्टम की जांच पूरी
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने गगनयान कार्यक्रम के क्रू मॉड्यूल और सर्विस मॉड्यूल को अलग करने वाले सिस्टम की जांच पूरी कर ली है। इस परीक्षण के बाद अलगाव प्रणाली के डिजाइन की क्षमता की पुष्टि हुई है।गगनयान मिशन में क्रू मॉड्यूल वह हिस्सा होगा, जिसमें भविष्य में अंतरिक्ष यात्री बैठेंगे। वहीं, सर्विस मॉड्यूल अंतरिक्ष यात्रा के दौरान जरूरी तकनीकी सहायता उपलब्ध कराएगा। मिशन के दौरान दोनों मॉड्यूल की भूमिका अलग-अलग होगी।पहली मानवरहित उड़ान की सफलता गगनयान कार्यक्रम के लिए महत्वपूर्ण होगी। इसके जरिए इसरो को अंतरिक्ष यान की कार्यप्रणाली और सुरक्षित वापसी से जुड़ी तकनीकों को परखने का अवसर मिलेगा। इसके बाद दूसरी मानवरहित उड़ान और फिर मानवयुक्त मिशन की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा।