गाजियाबाद: रामलीला मैदान में रावण का पुतला बनाते समय विस्फोट; पांच घायल, दो दीवारें गिरीं
गाजियाबाद, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)। गाजियाबाद के साहिबाबाद थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह रामलीला मैदान में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हॉल में अचानक आग लग गई। प्रारंभिक सूचना में आग पटाखों की दुकान में लगने की बात सामने आई थी, जिसके बाद दमकल विभाग की टीम तत्काल मौके के लिए रवाना हुई। हालांकि घटनास्थल पर पहुंचने के बाद पता चला कि आग किसी पटाखे की दुकान में नहीं, बल्कि रामलीला मैदान के पीछे स्थित सामुदायिक केंद्र के बड़े हॉल में लगी थी। हादसे में पांच लोग घायल हुए हैं।
सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें आगे जीटीबी अस्पताल रेफर किए जाने की जानकारी मिली है। फायर विभाग के अनुसार, सोमवार 5 अक्टूबर 2026 को सुबह करीब 9:26 बजे फायर स्टेशन साहिबाबाद के कंट्रोल रूम को रामलीला मैदान, शनि चौक स्थित पटाखों की दुकान में आग लगने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजियाबाद, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी साहिबाबाद और फायर स्टेशन साहिबाबाद से तीन फायर टेंडर तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किए गए।
दमकल की टीम मौके पर पहुंची तो स्थिति अलग मिली। टीम ने देखा कि आग रामलीला मैदान के बैक साइड स्थित सामुदायिक केंद्र भवन के एक बड़े हॉल में लगी थी। फायर यूनिट ने तत्काल अग्निशमन वाहनों से पंपिंग कर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया। कुछ ही देर में आग को पूरी तरह बुझा दिया गया और घटनास्थल को शांत कर दिया गया। आग बुझाने के बाद दमकल टीम ने हॉल का बारीकी से निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सामने आया कि हॉल के अंदर रामलीला कार्यक्रम के लिए रावण का पुतला तैयार करने का काम चल रहा था। फायर विभाग के अनुसार, प्रथम दृष्टया आशंका है कि पुतला तैयार करने के दौरान आतिशबाजी अथवा किसी अन्य विस्फोटक सामग्री के इस्तेमाल के कारण उसमें विस्फोट हुआ, जिसके बाद हॉल में आग लग गई। विस्फोट इतना तेज था कि भवन की दो दीवारें भी गिर गईं। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। फायर यूनिट ने अस्पताल पहुंचकर घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। अस्पताल से बताया गया कि घायलों को बेहतर उपचार के लिए जीटीबी अस्पताल रेफर किया गया है। फायर विभाग की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक, हादसे में कुल पांच लोग घायल हुए हैं। इनमें दो घायलों की पहचान ऋषभ और हरेंद्र के रूप में हुई है, जबकि तीन अन्य घायलों के नाम अभी स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। घटनास्थल पर दमकल टीम द्वारा आवश्यक निरीक्षण किया गया है। विस्फोट और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रावण का पुतला तैयार करते समय किस प्रकार की सामग्री का इस्तेमाल किया जा रहा था और सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
--आईएएनएस
पीकेटी/पीएम