☰
×

एफटीए से दोनों देशों के कारोबारियों को मिलेगा नया बाजार, रोजगार के बढ़ेंगे अवसर: भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त

 

नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत में न्यूजीलैंड के उच्चायुक्त पैट्रिक जॉन राटा ने सोमवार को कहा कि फ्री ट्रेड एग्रीमेंट (एफटीए) के लागू होने से दोनों देशों के कारोबारियों को नया बाजार मिलेगा। इससे नए रोजगार के मौके भी सृजित होंगे।

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए के लागू होने के अवसर पर आयोजित समारोह के साइडलाइन में समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में राटा ने कहा कि एफटीए से व्यवसायों के लिए अतिरिक्त अधिक अवसर पैदा होंगे और भारतीय कारोबारी न्यूजीलैंड जाकर एवं न्यूजीलैंड के कारोबारी भारत आकर इन नए बाजारों में मौके तलाश पाएंगे। इससे रोजगार के और भी अवसर पैदा होंगे क्योंकि हमारे दोनों देशों के बीच होने वाले अतिरिक्त व्यापार से ये व्यवसाय और अधिक विकसित होंगे।

भारत-न्यूजीलैंड एफटीए 20 अक्टूबर को विजयादशमी से लागू होगा।

केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए से 100 प्रतिशत भारतीय निर्यात ड्यूटी फ्री हो जाएगा। साथ ही, इससे एमएसएमई, किसानों, युवाओं और श्रम प्रधान क्षेत्रों के लिए मौके बढ़ेंगे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, "कल, विजयादशमी के शुभ अवसर पर, भारत और न्यूजीलैंड अपनी आर्थिक साझेदारी में एक नए अध्याय की शुरुआत करेंगे, क्योंकि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए (मुक्त व्यापार समझौता) लागू हो जाएगा। यह वास्तव में दोनों देशों के लिए एक 'विजय' है!"

गोयल के अनुसार, इस एफटीए से भारत के किसानों को फल, सब्जियों, मसालों और अन्य कृषि उत्पादों के लिए व्यापक बाजार तक पहुंच मिलेगी। इसके साथ ही, उत्पादकता बढ़ाने, आय में सुधार करने और आजीविका को मजबूत बनाने के लिए भी सहयोग मिलेगा।

वहीं, एफटीएम में सरकार ने किसानों के कल्याण को अपनी नीति के केंद्र में रखा है और इसी वजह से डेयरी जैसे संवेदनशील क्षेत्रों को इससे बाहर रखा गया है।

गोयल ने न्यूजीलैंड के व्यापार मंत्री टॉड मैक्ले और दोनों देशों की वार्ता टीमों को उनके निरंतर प्रयासों के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि पिछले साल मार्च में बातचीत शुरू होने से लेकर कल इसके लागू होने तक का यह सफर, आपसी भरोसे और एक ऐसे संतुलित व दोनों पक्षों के लिए फायदेमंद समझौते को पूरा करने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

--आईएएनएस

एबीएस