'फोर्स 3' के लिए हर्षवर्धन राणे का 'बीस्ट मोड' ऑन, एक्शन सीन के लिए बदला अपना लुक
मुंबई, 18 मार्च (आईएएनएस)। अभिनेता हर्षवर्धन राणे इन दिनों आगामी फिल्म 'फोर्स-3' को लेकर सुर्खियों में बने हुए हैं। फिल्म की शूटिंग गुजरात में शुरू हो चुकी है। अभिनेता हर्षवर्धन राणे फिल्म की शूटिंग की तैयारी में लगे हुए हैं।
अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर जिम की तस्वीर पोस्ट की। इसके साथ उन्होंने लिखा, "मेरा पहले वजह सनम तेरी कसम और दीवानियत के लिए 81 किलो था। फोर्स-3 के लिए मुझे लगभग 92 किलो होना था और आज मैं 90 किलो पहुंच गया हूं। अगले महीने के एक्शन सीन के लिए मुझे अभी 2 किलो और बढ़ाने हैं, ताकि रोल की शारीरिक जरूरत पूरी हो सके।"
फैंस को अभिनेता के पोस्ट काफी पसंद आ रहे हैं। वे ये कयास लगा रहे हैं कि फिल्म फोर्स 3 की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है, जिस वजह से अभिनेता फिल्म की तैयारियों में जुटे हुए हैं।
आगामी हिंदी एक्शन-थ्रिलर फिल्म 'फोर्स 3' का निर्देशन भव धूलिया कर रहे हैं। यह फिल्म 'फोर्स' फ्रेंचाइजी का रीबूट है, जिसमें जॉन अब्राहम एसीपी यशवर्धन के रूप में धमाकेदार एक्शन करते नजर आएंगे। हालांकि, फिल्म को लेकर अन्य जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि 2027 में फोर्स 3 को रिलीज किया जा सकता है।
'फोर्स' साल 2011 में रिलीज हुई थी, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया था। इसके बाद साल 2016 में इसका सीक्वल रिलीज किया गया था, और अब लंबे अंतराल के बाद फोर्स 3 वापसी कर रही है।
हर्षवर्धन जल्द ही ओमंग कुमार द्वारा निर्देशित फिल्म 'सिला' में अभिनेत्री सादिया खातिब के साथ मुख्य भूमिका में नजर आएंगे, जबकि 'बिग बॉस 18' के विजेता करण वीर मेहरा खलनायक भूमिका में दिखेंगे। इस फिल्म में हर्षवर्धन राणे और करण वीर मेहरा स्क्रीन पर एक-दूसरे के आमने-सामने होंगे।
फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है, लेकिन इसकी रिलीज को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है।
--आईएएनएस
एनएस/डीकेपी