भारत में पहली बार होगी विदेशी क्रिकेट लीग की एंट्री, चेपॉक में खेला जाएगा BBL का ओपनिंग मैच; वीडियो में जाने पीएम मोदी ने किया ऐलान
ऑस्ट्रेलिया की मशहूर टी-20 क्रिकेट लीग बिग बैश लीग (BBL) के इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। पहली बार किसी विदेशी क्रिकेट लीग का मुकाबला भारत में खेला जाएगा। बीबीएल का आगामी सीजन का ओपनिंग मैच भारत के चेन्नई स्थित ऐतिहासिक एमए चिदंबरम स्टेडियम (चेपॉक) में आयोजित किया जाएगा। यह मुकाबला 12 दिसंबर को खेला जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान इस ऐतिहासिक आयोजन की घोषणा की। पीएम मोदी अपने ऑस्ट्रेलिया दौरे के तीसरे और आखिरी दिन मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड (MCG) पहुंचे थे। इस दौरान उनके साथ ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान स्टीव वॉ भी मौजूद रहे।
BBL के 15 साल के इतिहास में पहली बार बड़ा बदलाव
बिग बैश लीग की शुरुआत के बाद यह पहला मौका होगा, जब इसका कोई मुकाबला ऑस्ट्रेलिया की धरती से बाहर आयोजित किया जाएगा। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) इस कदम को भारत जैसे बड़े क्रिकेट बाजार में अपनी पहुंच बढ़ाने की रणनीति के तौर पर देख रहा है।भारत को दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट बाजार माना जाता है और यहां क्रिकेट प्रशंसकों की संख्या करोड़ों में है। ऐसे में बीबीएल का भारत में मैच आयोजित करना लीग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का मानना है कि भारत में मुकाबला कराने से बीबीएल को नए दर्शक मिलेंगे और दोनों देशों के क्रिकेट संबंध भी और मजबूत होंगे।
चेन्नई का चेपॉक बनेगा ऐतिहासिक मुकाबले का गवाह
चेपॉक स्टेडियम भारत के सबसे पुराने और प्रतिष्ठित क्रिकेट मैदानों में से एक है। यहां कई ऐतिहासिक अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले जा चुके हैं। अब यह मैदान विदेशी क्रिकेट लीग के मैच की मेजबानी करने वाला देश का पहला स्टेडियम बनने जा रहा है।चेन्नई के क्रिकेट प्रेमियों के लिए भी यह एक खास अवसर होगा, क्योंकि उन्हें ऑस्ट्रेलिया की लोकप्रिय टी-20 लीग के खिलाड़ियों को घरेलू मैदान पर देखने का मौका मिलेगा।
ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद न्यूजीलैंड जाएंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ऑस्ट्रेलिया और इंडोनेशिया दौरे के बाद अब न्यूजीलैंड के लिए रवाना हो चुके हैं। न्यूजीलैंड दौरे के दौरान पीएम मोदी वहां की सरकार के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगेइसके अलावा वे न्यूजीलैंड में रहने वाले करीब 40 हजार भारतीयों को संबोधित करेंगे। इस दौरे का उद्देश्य भारत और इन देशों के बीच आर्थिक, रणनीतिक और सांस्कृतिक संबंधों को और मजबूत करना है।बीबीएल मैच को भारत में आयोजित करने का फैसला दोनों देशों के बीच बढ़ते क्रिकेट और कूटनीतिक रिश्तों का भी प्रतीक माना जा रहा है। आने वाले समय में इससे अन्य विदेशी क्रिकेट लीगों के लिए भी भारत में आयोजन के नए रास्ते खुल सकते हैं।