'फुटबॉल हमारे खून में है', गोवा में फीफा विश्व कप का रोमांच चरम पर
पणजी, 14 जून (आईएएनएस)। फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। विश्व कप के रोमांच में पूरी दुनिया डूबी हुई है। भारतीय टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है। इसके बावजूद देश में मेगा इवेंट को लेकर उत्साह है। यह उत्साह गोवा में एक अलग ही स्तर पर देखने को मिल रहा है। गोवा में फुटबॉल टूर्नामेंट भी चल रहा है, और खिलाड़ी के साथ-साथ फैंस विश्व कप का भी आनंद ले रहे हैं।
फुटबॉल कोच डोमिनिक अराउजो ने आईएएनएस से कहा, "फीफा विश्व कप 2026 चल रहा है। हम टूर्नामेंट का काफी आनंद ले रहे हैं। गोवा में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय है। फुटबॉल हमारे खून में है।"
उन्होंने कहा कि यहां राष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल टूर्नामेंट चल रहा है। हम 7वीं बार इसका आयोजन कर रहे हैं। अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-17 के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं। मैं चाहता हूं कि गोवा में फुटबॉल खेलने वाली लड़कियों की संख्या बढ़े।
कोच भगत ने आईएएनएस से कहा, "फुटबॉल विश्व कप दुनिया का एक बड़ा इवेंट है। गोवा के लोगों के लिए यह एक जश्न है। गोवा के लोगों के लिए सूरज का निकलना और फुटबॉल खेलने से बड़ी खुशी कुछ और नहीं है। यहां लोग फुटबॉल को जीते हैं, फुटबॉल को अपने सांसों में बसाकर रखते हैं। यहां हर माता-पिता चाहते हैं कि उनका बच्चा फुटबॉल का खिलाड़ी बने। विश्व कप के दौरान लोग अपनी पसंदीदा टीमों की जर्सी के रंग में अपने घर को रंग देते हैं। यहां एक ही घर में आपको कई टीमों के समर्थ मिल जाएंगे।"
एक युवा फुटबॉलर ने कहा, "हमारे मैच सुबह में चल रहे हैं, इसलिए हम फीफा विश्व कप के मैच देख पा रहे हैं। मैच की वजह से हमें जल्दी सोना पड़ता है और फिर जल्दी जगकर आना पड़ता है। गोवा में हमें कड़ी प्रतियोगिता का सामना करना पड़ता है, और ये रोमांचक है।"
विश्व कप को लेकर युवा फैन ने कहा, "फीफा विश्व कप के लिए भारतीय टीम क्वालीफाई नहीं कर पाई है। मैं चाहता हूं कि भारतीय टीम भी विश्व कप में जगह बनाए। मैं रोनाल्डो का फैन हूं, इसलिए इस विश्व कप में पुर्तगाल का समर्थन कर रहा हूं।"
एक अन्य फैन ने कहा, "मैं चाहता हूं कि विश्व कप के सभी मैच देखूं, लेकिन हमारे भी मैच चल रहे हैं। इस वजह से सभी मैच देखने का समय नहीं है।"
एक युवा महिला खिलाड़ी ने कहा कि मैं फुटबॉल की बड़ी फैन हूं। मैंने कतर में 2022 में हुए विश्व कप को भी फॉलो किया था। फुटबॉल और अपनी पसंदीदा टीम को खेलते हुए देखना काफी रोमांचक होता है। भारत में क्रिकेट सबसे अहम खेल है, लेकिन गोवा में फुटबॉल सबसे लोकप्रिय खेल है। गोवा में बहुत सारे अच्छे क्लब हैं जो महिलाओं को भी अवसर देते हैं।
एक अन्य युवा महिला फुटबॉलर ने कहा कि लड़कियों की संख्या धीरे-धीरे फुटबॉल में बढ़ रही है। लड़कियों की संख्या और बढ़नी चाहिए, तभी हम इस खेल में लड़कियों की संख्या की बराबरी कर पाएंगे।
--आईएएनएस
पीएके