☰
×

दिवाली से पहले फूलों के बाजार में बढ़ी रौनक, कमल के एक फूल की कीमत ₹150 तक पहुंचने का अनुमान, गेंदे-गुलाब की भी बढ़ी मांग

 

दिवाली और दीपोत्सव की तैयारियों के बीच फूलों के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। घरों की सजावट से लेकर मां लक्ष्मी की पूजा तक के लिए लोग बड़ी संख्या में फूलों की खरीदारी कर रहे हैं। गेंदे और गुलाब की मालाओं के साथ कमल के फूलों की मांग भी तेजी से बढ़ रही है। खासतौर पर कमल खरीदने के लिए लोग सुबह से ही बाजारों का रुख कर रहे हैं। कारोबारियों का अनुमान है कि दिवाली के दिन कमल के एक फूल की कीमत 100 से 150 रुपये तक पहुंच सकती है।

दिल्ली-NCR से गाजीपुर फूल मंडी पहुंच रहे खरीदार

दिल्ली की गाजीपुर फूल मंडी में दिवाली से पहले खरीदारों की भीड़ बढ़ने लगी है। दिल्ली के अलग-अलग इलाकों के अलावा नोएडा, गाजियाबाद और एनसीआर के अन्य क्षेत्रों से भी लोग यहां फूल खरीदने पहुंच रहे हैं।मंडी में कोलकाता, इंदौर और ग्वालियर से कमल सहित कई किस्मों के फूल मंगाए जा रहे हैं। वहीं, गेंदे के फूल नरवर और आसपास के क्षेत्रों से पहुंच रहे हैं। बाजार में गेंदे, गुलाब, कमल, बेला और गुड़हल के अलावा पूजा में इस्तेमाल होने वाले फूलों और पत्तियों की मालाएं भी उपलब्ध हैं।

गेंदे से लेकर गुलाब तक के क्या हैं दाम?

गाजीपुर फूल मंडी के दुकानदार आकाश ठाकुर के मुताबिक, फिलहाल गेंदे के पीले फूल करीब 100 रुपये प्रति किलो बिक रहे हैं। वहीं, देसी गुलाब की कीमत 550 से 600 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई है।कमल के फूलों का थोक भाव फिलहाल 50 से 60 रुपये प्रति पीस बताया जा रहा है। हालांकि, त्योहार के दिन मांग बढ़ने के साथ इसकी कीमत में बड़ा उछाल आ सकता है। कारोबारियों का अनुमान है कि दिवाली पर कमल का एक फूल 100 से 150 रुपये तक बिक सकता है।

बारिश के कारण फूलों की सप्लाई और क्वॉलिटी पर असर

गाजीपुर फूल मंडी एसोसिएशन से जुड़े विक्रेता कृष्ण कुमार सैनी ने बताया कि त्योहार के चलते फूलों की मांग में तेजी आई है, लेकिन सप्लाई में कुछ कमी बनी हुई है। पिछले दिनों हुई बारिश का असर स्थानीय फूलों की गुणवत्ता पर पड़ा है। इसके कारण बाजार में अच्छी क्वॉलिटी के फूलों की उपलब्धता प्रभावित हुई है।विक्रेताओं के मुताबिक, आने वाले दिनों में मांग और सप्लाई के बीच संतुलन के आधार पर कीमतों में बदलाव देखने को मिल सकता है। ऐसे में दुकानदारों की नजर दिवाली तक बाजार के रुख पर बनी हुई है।

दिवाली की भीड़ से बचने के लिए पहले ही कर रहे खरीदारी

फूल खरीदने पहुंचे सुरेश शर्मा ने बताया कि वह दिवाली वाले दिन बाजार में होने वाली भीड़ और बढ़ी हुई कीमतों से बचने के लिए पहले ही खरीदारी कर रहे हैं। उन्होंने घर की सजावट और पूजा के लिए करीब पांच किलो फूल खरीदे हैं। उनके मुताबिक, गेंदे के फूल 120 रुपये प्रति किलो के भाव से लिए हैं। इसके अलावा गुलाब और कमल के फूल भी खरीदे हैं।

कारोबारियों का कहना है कि दिवाली नजदीक आने के साथ फूलों की मांग और बढ़ सकती है। खासकर मां लक्ष्मी की पूजा में इस्तेमाल होने वाले कमल के फूलों की कीमत में तेजी आने की संभावना है। ऐसे में जो लोग पूजा और घर की सजावट के लिए फूल खरीदना चाहते हैं, वे त्योहार से पहले ही बाजार पहुंच रहे हैं।