गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, वीडियो में जाने महाराष्ट्र-राजस्थान से लेकर यूपी और जम्मू-कश्मीर तक भारी बारिश का असर
देशभर में मानसून ने लगभग सभी राज्यों को अपनी चपेट में ले लिया है। राजस्थान और गुजरात के कुछ हिस्से ही अभी इससे बचे हैं, लेकिन गुजरात में भारी बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और जम्मू-कश्मीर में भी बारिश और भूस्खलन ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है।
गुजरात में बाढ़ जैसे हालात, 19 लोगों का रेस्क्यू
गुजरात के मेंडरडा इलाके में समधियाला गांव के पास बाढ़ के पानी में चार वाहन फंस गए। हालात बिगड़ने पर प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य चलाया और करीब 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। लगातार बारिश के कारण कई निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।
महाराष्ट्र: भिवंडी में बाजार डूबा, लोग कमर तक पानी में चलते दिखे
महाराष्ट्र के भिवंडी में तेज बारिश के बाद हालात बेहद खराब हो गए। स्थानीय बाजार में करीब 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे दुकानें बंद करनी पड़ीं। कई जगह लोग कमर तक पानी में डूबकर सड़क पार करते नजर आए।
राजस्थान: जयपुर के अस्पताल में पानी भरा, मरीज शिफ्ट करने पड़े
राजस्थान की राजधानी जयपुर में तेज बारिश के बाद सवाई मानसिंह अस्पताल के माइनर ऑपरेशन थिएटर (OT) में पानी घुस गया। स्थिति को देखते हुए मरीजों को तुरंत दूसरे वार्ड में शिफ्ट किया गया। बारिश के बाद शहर के कई हिस्सों में जलभराव की समस्या सामने आई है।
मध्य प्रदेश: कई जिलों में भारी बारिश, युवक बाइक समेत बहा
मध्य प्रदेश में भोपाल, इंदौर समेत 26 से अधिक जिलों में शुक्रवार को जोरदार बारिश हुई। उज्जैन में एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पुलिया पार करने की कोशिश में एक युवक अपनी मोटरसाइकिल समेत बह गया। प्रशासन ने लोगों से नदियों और पुलियों से दूर रहने की अपील की है।
उत्तर प्रदेश: 20 जिलों में बारिश, मेडिकल कॉलेज में भरा पानी
उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में बारिश दर्ज की गई। कानपुर स्थित GSVM मेडिकल कॉलेज में पानी भर गया, जिससे कारें और बाइकें आधी डूब गईं। कई इलाकों में जलभराव के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।
जम्मू-कश्मीर: लैंडस्लाइड से सड़क बंद
जम्मू-कश्मीर में शनिवार सुबह भूस्खलन (लैंडस्लाइड) के कारण रामनगर-उधमपुर रोड को बंद कर दिया गया। सड़क पर मलबा गिरने से यातायात पूरी तरह ठप हो गया है। प्रशासन द्वारा रास्ता साफ करने का काम जारी है।
देशभर में बारिश से बढ़ी मुश्किलें
लगातार हो रही भारी बारिश से कई राज्यों में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। कहीं बाढ़ जैसे हालात हैं तो कहीं सड़कें जलमग्न हैं। प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने और जरूरी होने पर ही यात्रा करने की अपील की है।